पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मुख्य सचिव आनंद वर्धन को सौंपा किच्छा विकास का एजेंडा, एम्स व इंडस्ट्रियल कॉरिडोर को लेकर हुई अहम चर्चा

Spread the love

देहरादून, 23 अप्रैल 2025।किच्छा क्षेत्र के समग्र विकास के मुद्दे को लेकर पूर्व विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता राजेश शुक्ला ने बुधवार को उत्तराखंड के नव नियुक्त मुख्य सचिव आनंद वर्धन से सचिवालय में शिष्टाचार भेंट की। इस भेंट के दौरान जहां उन्होंने मुख्य सचिव को नयी जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं दीं, वहीं किच्छा को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने हेतु कई अहम विषयों पर गंभीर चर्चा की।

संवाददाता, शैल ग्लोबल टाइम्स हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स अवतार सिंह बिष्ट रूद्रपुर उत्तराखंड (उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी)

बैठक के केंद्र में किच्छा में निर्माणाधीन एम्स संस्थान रहा। श्री शुक्ला ने मांग की कि इस राष्ट्रीय महत्व की स्वास्थ्य परियोजना के कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि एम्स के जल्द शुरू होने से न केवल आम जनता को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी जबरदस्त गति मिलेगी।

इसके अतिरिक्त, पूर्व विधायक ने खुरपिया में प्रस्तावित स्मार्ट इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की चर्चा करते हुए मुख्य सचिव का ध्यान इस ओर आकर्षित किया कि किच्छा के उद्योगपतियों और उद्यमियों को इस कॉरिडोर में भूमि आवंटन तत्काल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर के भीतर वर्षों से चल रहे उद्योगों को इस कॉरिडोर में स्थानांतरित कर उन्हें बेहतर सुविधाओं से युक्त किया जाए, जिससे शहर की भीड़भाड़, ट्रैफिक और प्रदूषण की समस्याओं का समाधान हो सके।

शुक्ला ने आगाह किया कि एम्स और औद्योगिक कॉरिडोर के संचालन से किच्छा क्षेत्र में जनसंख्या में तीव्र वृद्धि होगी। ऐसे में नगर नियोजन को दूरदर्शी और व्यावहारिक दृष्टिकोण से क्रियान्वित किया जाना अत्यंत आवश्यक होगा। उन्होंने व्यापारिक गतिविधियों के लिए शहर के मध्य क्षेत्र को पुनः परिभाषित करने की भी सलाह दी।

श्री शुक्ला ने यह भी याद दिलाया कि 13 अक्टूबर 2024 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की किच्छा यात्रा के दौरान राइस मिलर्स और स्थानीय उद्योगपतियों ने भूमि आवंटन की मांग रखी थी, जिस पर मुख्यमंत्री ने सहानुभूतिपूर्वक विचार का आश्वासन दिया था। अब, मुख्य सचिव के समक्ष इस मुद्दे को पुनः प्रस्तुत करते हुए उन्होंने त्वरित निर्णय की आवश्यकता जताई।

मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने पूर्व विधायक के सभी सुझावों और मांगों को गंभीरता से सुना और कहा कि प्रशासन स्तर पर इस दिशा में शीघ्र निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किच्छा क्षेत्र की औद्योगिक और चिकित्सा संभावनाओं को धरातल पर उतारने के लिए ठोस पहल की जाएगी।

राजेश शुक्ला ने अंत में मुख्य सचिव को किच्छा आने का निमंत्रण भी दिया ताकि वे एम्स की प्रगति और स्मार्ट इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की स्थिति का स्वयं अवलोकन कर सकें। इस पर मुख्य सचिव ने शीघ्र दौरे का भरोसा जताया।

यह मुलाकात न सिर्फ एक शिष्टाचार भेंट थी, बल्कि किच्छा के भविष्य की रूपरेखा तय करने वाली एक महत्वपूर्ण पहल भी साबित हुई।


Spread the love