

रुद्रपुर।देश के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी 2026 को पुलिस लाइन रुद्रपुर में भव्य परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 10:40 बजे परेड का ग्राउंड में पंक्तिबद्ध होना शुरू होगा। इसके पश्चात 10:45 बजे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का आगमन, 10:50 बजे जिलाधिकारी का आगमन तथा 10:58 बजे मुख्य अतिथि का आगमन होगा। ठीक 11:00 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा, जिसके बाद 11:02 बजे से रैतिक परेड का आयोजन होगा।
दोपहर 12:15 बजे पुरस्कार वितरण कार्यक्रम संपन्न किया जाएगा, जबकि 12:25 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनमें विभिन्न विद्यालयों और संस्थाओं के प्रतिभागी देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां देंगे।

इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार में कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण एवं ग्राम्य विकास विभाग के मंत्री श्री गणेश जोशी होंगे, जिनके कर कमलों द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे प्रातः 10:30 बजे तक परेड ग्राउंड में अपने स्थान पर पहुंचकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएं। गणतंत्र दिवस के इस पावन अवसर पर नागरिकों को सपरिवार आमंत्रित किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा (आईपीएस) एवं जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया (आईएएस) ने जनपदवासियों से कार्यक्रम में प्रतिभाग कर राष्ट्रीय पर्व को उत्साह और अनुशासन के साथ मनाने की अपील की है।





