स्वास्थ्य विभाग ने निकाली जनस्वास्थ्य जनजागरूकता रैली, मानसिक स्वास्थ्य व नशा मुक्ति का दिया संदेश

Spread the love

रुद्रपुर। जनपद उधम सिंह नगर में आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा भव्य जनस्वास्थ्य जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारम्भ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. के. अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसमें स्वास्थ्य विभाग, एनएचएम, विभिन्न नर्सिंग कॉलेजों, शैक्षणिक संस्थानों, आशा कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

रैली का उद्देश्य राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुँचाना रहा। प्रतिभागियों ने मानसिक स्वास्थ्य, नशा व तम्बाकू नियंत्रण, भ्रूण हत्या की रोकथाम, स्वच्छता, रोगों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली जैसे विषयों पर स्लोगन, पोस्टर व नारों के माध्यम से प्रभावी संदेश दिए। “स्वस्थ समाज, सशक्त राष्ट्र” का आह्वान रैली का केंद्र रहा।

गांधी पार्क से शुरू हुई रैली मुख्य बाजार होते हुए बालाजी द्वार तक गई और पुनः गांधी पार्क में संपन्न हुई। मार्ग में आमजन ने रैली का स्वागत किया और स्वास्थ्य संदेशों को गंभीरता से ग्रहण किया।

इस अवसर पर सीएमओ डॉ. के. के. अग्रवाल ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से नशा और तम्बाकू से दूर रहने की अपील करते हुए समय पर उपचार व विशेषज्ञ परामर्श लेने पर जोर दिया। साथ ही भ्रूण हत्या जैसे सामाजिक अपराध के विरुद्ध जागरूकता फैलाने की आवश्यकता बताई।

रैली में सूरजमल नर्सिंग कॉलेज (250), एएनएमटीसी गदरपुर (50), वी-3 नर्सिंग कॉलेज (250), द्रोण नर्सिंग कॉलेज (150), जनता इंटर कॉलेज (100), सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, रुद्रपुर (100) सहित अन्य संस्थानों के 200 छात्र-छात्राओं तथा 70 आशा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम के अंत में सहयोगी संस्थानों, आशा कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य कर्मियों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी. सिंह, डॉ. हरेन्द्र मलिक, डॉ. एस.पी. सिंह सहित विभाग के अनेक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


Spread the love