

मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच भारतीयों के लिए हेल्पलाइन जारी
नई दिल्ली। मध्य-पूर्व क्षेत्र में बढ़ते तनावपूर्ण हालात को देखते हुए भारत का विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया है। मंत्रालय ने बताया कि यह कंट्रोल रूम सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक सक्रिय रहेगा और जरूरतमंद भारतीय नागरिक यहां संपर्क कर सकते हैं।
विदेश मंत्रालय द्वारा जारी टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800118797 के अलावा +91-11-23012113, +91-11-23014104 और +91-11-23017905 पर भी संपर्क किया जा सकता है। मंत्रालय ने कहा कि इन नंबरों पर भारतीय नागरिक अपनी समस्याओं, सुरक्षा संबंधी चिंताओं और आपात स्थिति की जानकारी दे सकते हैं।
इसके साथ ही क्षेत्र के विभिन्न देशों में स्थित भारतीय दूतावासों के आपातकालीन संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं। इनमें बहरीन, ईरान, इराक, इज़राइल, जॉर्डन, कुवैत, लेबनान, ओमान, कतर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और रामल्लाह में स्थित भारतीय मिशनों के नंबर शामिल हैं।
विदेश मंत्रालय ने इन देशों में रह रहे भारतीयों से अपील की है कि वे स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत भारतीय दूतावास या कंट्रोल रूम से संपर्क करें। मंत्रालय ने आश्वस्त किया है कि विदेशों में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा और सहायता के लिए सरकार पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।





