

लैंसडाउन/पौड़ी गढ़वाल, 28 जनवरी।
हिमालय क्रांति पार्टी द्वारा जनसंपर्क अभियान के तहत लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सीला तल्ली में आज घर-घर जाकर वाल कैलेंडर का वितरण किया गया। इस अभियान का नेतृत्व श्री लाल सिंह बिष्ट एवं श्री लक्ष्मण सिंह रावत ने किया। इस दौरान ग्रामीणों से आत्मीय संवाद हुआ और हिमालय क्रांति पार्टी की विचारधारा व दृष्टिकोण पत्र पर खुलकर चर्चा की गई।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
ग्रामीणों ने क्षेत्र की जमीनी समस्याओं, निरंतर हो रहे पलायन, रोजगार की कमी और पहाड़ के भविष्य को लेकर अपनी भावनाएँ साझा कीं। पार्टी नेताओं ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि हिमालय क्रांति पार्टी का संकल्प उत्तराखण्ड की आवाज़ को नीति और नेतृत्व तक पहुँचाने का है, ताकि पहाड़ फिर से आबाद हों और युवाओं को अपने ही घर-गाँव में सम्मानजनक रोजगार मिल सके।
इसी क्रम में उत्कृष्ट कार्यकर्ता सम्मान से सम्मानित हिमालय क्रांति पार्टी, पौड़ी गढ़वाल कोट ब्लॉक अध्यक्ष श्री रमेश सिंह बेलवाल ने ग्राम ढ़ुंगली एवं पाली खाल में युवाओं और महिलाओं के बीच पार्टी कैलेंडर का वितरण किया। उन्होंने पार्टी का विजन स्पष्ट करते हुए कहा कि हिमालय क्रांति पार्टी काबिल, कर्मठ, ईमानदार और स्थानीय व्यक्ति को प्रतिनिधित्व देकर योग्य नेतृत्व तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पहाड़ की स्मिता और पहचान को बचाए रखने में युवाओं और महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। क्षेत्र में आगमन पर लोगों ने श्री बेलवाल का गर्मजोशी से स्वागत कर प्रसन्नता भी व्यक्त की।
उधर, हिमालय क्रांति पार्टी के तृतीय स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बतौर कार्यक्रम अध्यक्ष पौड़ी पहुँचने पर उत्तराखंड प्रदेश महासचिव श्री दिनेश सिंह बिष्ट के सानिध्य में पार्टी के क्रांति नायकों एवं क्रांतिवीरों ने उनका भव्य स्वागत किया। स्थापना दिवस का आयोजन जिला मुख्यालय पौड़ी में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
आयोजन की सफलता के उपरांत पार्टी द्वारा समीक्षा बैठक भी आहूत की गई, जिसमें आयोजन के सकारात्मक पक्षों के साथ-साथ कमियों पर भी चर्चा कर भविष्य के कार्यक्रमों को और बेहतर बनाने का संकल्प लिया गया। यह बैठक आज सायं 9 बजे ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की जा रही है।
हिमालय क्रांति पार्टी ने स्पष्ट किया कि जनसंवाद, संगठन विस्तार और जमीनी मुद्दों को लेकर पार्टी का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।




