

रुद्रपुर। उत्तराखंड सरकार में परिवहन एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री तथा जनपद ऊधम सिंह नगर के प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा के रुद्रपुर आगमन पर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर शिव अरोरा के नेतृत्व में एलाइंस कॉलोनी स्थित कम्युनिटी हॉल में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)
प्रभारी मंत्री के प्रथम रुद्रपुर दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। भाजपा पार्षदों एवं एलाइंस समिति के सदस्यों ने उन्हें विशाल मालाओं से सम्मानित किया। भारी भीड़ और उत्साहपूर्ण स्वागत को देखकर मंत्री बत्रा गदगद नजर आए।
कार्यक्रम के उपरांत प्रभारी मंत्री विधायक शिव अरोरा के आवास भी पहुंचे, जहां अरोरा परिवार द्वारा उनका स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
स्वागत भाषण में विधायक शिव अरोरा ने कहा कि जनपद प्रभारी मंत्री के रूप में प्रदीप बत्रा का यह पहला दौरा है और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रभारी मंत्री के नेतृत्व में जनपद में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाएं तेजी से धरातल पर उतरेंगी।
वहीं प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार की योजनाओं को अंतिम पंक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हित में लगातार कठोर और प्रभावी निर्णय ले रही है, जिससे उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है।
मंत्री बत्रा ने रुद्रपुर में मिले भव्य स्वागत के लिए सभी कार्यकर्ताओं और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरि सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, पार्षद और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




