ग्राम सभा बड़ोंन की बैठक में बड़ोंन-सजानी सड़क निर्माण की मांग तेज, भवाली में उग्र आंदोलन की चेतावनी

Spread the love

बड़ोंन, 07 जून 2025 — ग्राम सभा बड़ोंन में आज ग्राम प्रधान श्रीमती गीता देवी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य मुद्दा बड़ोंन से सजानी सड़क मार्ग के निर्माण को लेकर लंबे समय से चली आ रही उपेक्षा और जनआक्रोश था।

बैठक में पूर्व दर्जा राज्य मंत्री हरीश पनेरु ने तीखे शब्दों में शासन, प्रशासन, क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा और सांसद पर आरोप लगाए कि उनकी अनदेखी के कारण यह महत्वपूर्ण सड़क अब तक नहीं बन पाई है। पनेरु ने कहा, “बड़ोंन से सजानी सड़क मार्ग बन जाए तो लोगों को महज 7 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी, जबकि अभी उन्हें 40 किलोमीटर का लंबा रास्ता लेना पड़ता है। यह गरीब किसानों और आमजन के लिए न केवल समय की बर्बादी है, बल्कि आर्थिक बोझ भी है।”

उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में विधायक राम सिंह कैड़ा ने जनता से कसम खाकर वादा किया था कि एक वर्ष के भीतर यह सड़क बनाकर वे खुद इसी मार्ग से बड़ोंन पहुंचेंगे। “अब 8 वर्ष बीत गए, पर सड़क का नामोनिशान तक नहीं है। जनता को केवल झूठे वादे मिले हैं,” पनेरु ने कहा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि सड़क निर्माण को लेकर शीघ्र कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया तो भवाली स्थित लोक निर्माण विभाग (PWD) कार्यालय में उग्र आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों ने ऐलान किया कि वे अपने चूल्हा-चौका और पशुओं के साथ भवाली जाकर धरना देंगे और आंदोलन की संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

बैठक में गिरीश आर्य, पूर्व सरपंच इंदर सिंह चिलवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य बालम चिलवाल, राजेंद्र आर्या, दीवान राम, बची सिंह चिलवाल समेत दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।

बैठक के अंत में सभी ग्रामीणों ने एक स्वर में संकल्प लिया – “या तो यह सड़क बनेगी, या फिर हम जेल जाने को भी तैयार हैं।”

यह विरोध अब सिर्फ सड़क की मांग नहीं बल्कि सम्मान और हक की लड़ाई बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर अब भी उनकी आवाज अनसुनी की गई, तो वे जनांदोलन की राह पर उतरने से पीछे नहीं हटेंगे।


रिपोर्ट: अवतार सिंह बिष्ट, विशेष संवाददाता – शैल ग्लोबल टाइम्स / हिन्दुस्तान ग्लोबल टाइम्स

बड़ोंन, जिला – नैनीताल, उत्तराखंड)


Spread the love