मोहनपुर नंबर दो में शमशान घाट सुदृढ़ीकरण कार्य का शुभारंभ

Spread the love


रुद्रपुर। क्षेत्र के समग्र विकास और आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में शुक्रवार को मोहनपुर नंबर दो में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। जिला पंचायत निधि से स्वीकृत चार लाख रुपये की लागत से शमशान घाट के सुदृढ़ीकरण एवं सीढ़ीनुमा घाट निर्माण कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल तथा जिला पंचायत सदस्य सुखदेव हाल्दार ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर और रिबन काटकर शिलान्यास किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि किसी भी समाज की संवेदनशीलता का परिचय उसके सार्वजनिक स्थलों की व्यवस्था से मिलता है। विशेष रूप से शमशान घाट जैसे स्थानों का व्यवस्थित और सुरक्षित होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि अंतिम संस्कार के समय ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का चहुंमुखी विकास उनकी प्राथमिकता रहा है और जनता की हर छोटी-बड़ी समस्या का समाधान करना ही उनका मुख्य उद्देश्य है।
उन्होंने जिला पंचायत सदस्य सुखदेव हाल्दार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके सक्रिय सहयोग से इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए बजट स्वीकृत हो सका, जिससे ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। ठुकराल ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
जिला पंचायत सदस्य सुखदेव हाल्दार ने कहा कि ग्रामीणों की मांग को ध्यान में रखते हुए शमशान घाट के सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव रखा गया था। लंबे समय से यहां आधारभूत सुविधाओं के अभाव में लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब सीढ़ीनुमा घाट और अन्य निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित और सुरक्षित हो सकेगी।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों का फूलमालाओं से स्वागत कर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अंकित विश्वास, विधान बाला, गिरि सरकार, ग्राम प्रधान कालाचांद सिकदार, चितरंजन सरकार, गौरंग, सौरभ विश्वास, आनंद शर्मा, पवन मलिक, पूर्व प्रधान अशोक विश्वास, विकास बाला, इन्द्रजीत सरकार, निमाई, सुकरंजन, विजय विश्वास, परितोष हल्दार, मिलन मण्डल, वरुण हाल्दार, रवि विश्वास, मिरनल, कालू बाला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने आशा जताई कि इस निर्माण कार्य से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का स्तर बेहतर होगा और भविष्य में भी इसी प्रकार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।


Spread the love