

किच्छा, 24 फरवरी 2026।जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मंगलवार को निर्माणाधीन एम्स किच्छा का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यदायी संस्था नागार्जुन कंस्ट्रक्शन कंपनी (एनसीसी) के महाप्रबंधक शंकर बालू को श्रमिकों और उपकरणों की संख्या बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आगामी माह मई तक चिकित्सालय के प्रशासनिक भवन और ओपीडी भवन को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए, ताकि शीघ्र ओपीडी सेवाएं प्रारंभ की जा सकें। साथ ही उन्होंने केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं को मेडिकल उपकरणों और फर्नीचर की खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने तथा संबंधित फर्मों को समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने सिविल कार्यों के साथ-साथ इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल और उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय को प्रत्येक पखवाड़े कार्य प्रगति की मॉनिटरिंग कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश मौके पर ही दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन मेडिकल एवं नर्सिंग स्टाफ आवासों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। एनसीसी प्रबंधन ने जानकारी दी कि अस्पताल भवन के दो फ्लोर का कार्य मई तक पूर्ण कर लिया जाएगा, जबकि शेष कार्य जुलाई तक पूर्ण करने का लक्ष्य है। मेडिकल व नर्सिंग स्टाफ आवासीय भवनों का 80 से 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।
अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल भवन के लिए पेंटिंग के रंगों की स्वीकृति मिल चुकी है और निर्माण कार्य पूर्ण होते ही पेंटिंग प्रारंभ कर दी जाएगी। केंद्रीय लोनिवि के अभियंता ने बताया कि मेडिकल उपकरणों के ऑर्डर जारी कर दिए गए हैं तथा फर्नीचर के सैंपल स्वीकृति प्रक्रिया में हैं।
जिलाधिकारी ने एसटीपी कार्यों में तेजी लाने तथा ड्रेनेज कार्य को अधिशासी अभियंता सिंचाई के समन्वय से शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल, उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय, अधिशासी अभियंता सिंचाई बी.एस. डांगी, एजीएम एनसीसी अजय, प्रबंधक हरिशंकर, अरुण सिंह, सहायक अभियंता सीपीडब्ल्यूडी राकेश पटेल, तहसीलदार गिरीश त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
एम्स किच्छा की प्रगति को लेकर प्रशासन की यह सक्रियता क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि लंबे समय से स्थानीय जनता शीघ्र स्वास्थ्य सेवाएं शुरू होने की प्रतीक्षा कर रही है।




