

रुद्रपुर। जनपद में पत्रकारों के साथ बढ़ती कथित पुलिसिया सख्ती, उत्पीड़न और फर्जी मुकदमों के विरोध में कुमाऊं युवा प्रेस क्लब ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। क्लब के केंद्रीय अध्यक्ष सौरभ गंगवार के नेतृत्व में पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम पंकज उपाध्याय के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को विस्तृत ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को दबाने के प्रयास हो रहे हैं, जिससे पत्रकार समुदाय में आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
ज्ञापन में विशेष रूप से बाजपुर, काशीपुर और रुद्रपुर से जुड़े तीन मामलों को प्रमुखता से उठाया गया। बाजपुर के पत्रकार विमल भारती के प्रकरण में पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा गया कि विभागीय भ्रष्टाचार से जुड़ी खबरों के प्रकाशन के बाद प्रतिशोधवश 13 नवंबर 2025 को उनके घर में बिना पूर्व सूचना के प्रवेश कर तोड़फोड़ की गई और उन्हें हिरासत में लेकर कथित रूप से अमानवीय व्यवहार किया गया। यह भी उल्लेख किया गया कि मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग द्वारा नोटिस जारी होने के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
काशीपुर के पत्रकार हिमांशु ठाकुर पर दर्ज मुकदमे को क्लब ने आधारहीन बताते हुए कहा कि पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य जांच के बिना ही कार्रवाई की, जो स्वतंत्र पत्रकारिता को दबाने का प्रयास प्रतीत होता है। वहीं रुद्रपुर के वरिष्ठ पत्रकार रूपेश सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर की जा रही अभद्र टिप्पणियों पर भी कड़ा विरोध दर्ज कराया गया।
क्लब ने मांग की कि तीनों मामलों की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, पत्रकारों पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमे निरस्त किए जाएं तथा दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि “मित्र पुलिस” की अवधारणा को व्यवहार में लागू किया जाए और पत्रकारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
अध्यक्ष सौरभ गंगवार ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते न्यायोचित कार्रवाई नहीं हुई तो जनपद के पत्रकार एकजुट होकर व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इस अवसर पर केंद्रीय महामंत्री हरविंदर सिंह चावला, केंद्रीय उपाध्यक्ष ललित राठौर, वरिष्ठ पत्रकार रूपेश सिंह, महानगर संरक्षक बरजीत सिंह, महानगर अध्यक्ष भानु चुग, महानगर महामंत्री अभिषेक शर्मा, महानगर वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यजीत सरकार, महानगर उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह गिल, महानगर उप सचिव विजय गुप्ता, सोशल मीडिया प्रभारी आकाश गंगवार सहित महेंद्र पाल मौर्य, राकेश अरोड़ा, दीपक शर्मा, राजकुमार शर्मा, शुभोधुति मंडल, गोपाल भारती, शुरभूतों गोस्वामी, संजीव गायन, नरेंद्र राठौड़, अमन सिंह, सूरज सिंह, कश्मीर राणा और आशीष छाबड़ा समेत बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।




