
मई माह के प्रारंभ में उत्तराखण्ड प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं रुद्रपुर नगरपालिका परिषद की पूर्व चेयरपर्सन श्रीमती मीना शर्मा ने हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र में महिला कांग्रेस को अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से बतौर प्रभारी, बीएचईएल रानीपुर विधानसभा का दौरा किया। इस दौरान वह 2022 के कांग्रेस विधायक प्रत्याशी राजवीर सिंह तथा शिवालिक नगर नगरपालिका से कांग्रेस के चेयरपर्सन प्रत्याशी राणा महेश प्रताप सिंह से उनके आवास पर भेंट की।


संवाददाता,शैल ग्लोबल टाइम्स/ हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स /उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी, अवतार सिंह
मीना शर्मा ने दोनों नेताओं के साथ हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र में महिला कांग्रेस की सक्रियता और मजबूती को लेकर विस्तृत चर्चा की तथा आगामी कार्यक्रमों एवं सांगठनिक विस्तार की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव एवं हरिद्वार लोकसभा प्रभारी सुनीता कश्यप भी विशेष रूप से मौजूद रहीं। उन्होंने भी संगठनात्मक मजबूती और महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को लेकर अपने सुझाव साझा किए।
सभा के दौरान हरिद्वार महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता जोशी, कांग्रेस नेता अनिल शर्मा समेत कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने पर श्रीमती मीना शर्मा और सुनीता कश्यप का पारंपरिक रूप से अंग वस्त्र ओढ़ाकर व पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।
मीना शर्मा ने कहा कि महिला कांग्रेस का उद्देश्य नारी शक्ति को न केवल राजनीतिक मंच पर सशक्त बनाना है, बल्कि हर सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक मोर्चे पर उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस को एकजुट कर महिला मोर्चे को नई ऊर्जा दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के विस्तार, बूथ स्तर तक महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और आगामी चुनावी रणनीतियों पर भी चर्चा हुई। महिला कांग्रेस द्वारा निकट भविष्य में विभिन्न जनसंपर्क और जनजागरण कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू करने की योजना भी साझा की गई।

