

रुद्रपुर, 20 जनवरी 2026।अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में जिला सभागार में गणतंत्र दिवस तथा 27 जनवरी को मनाए जाने वाले समान नागरिक संहिता (यूसीसी) स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न हुई।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास एवं गरिमामय ढंग से मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 25 व 26 जनवरी को सायं 6 बजे से रात्रि 11 बजे तक सभी राजकीय भवनों को कम वोल्टेज बल्बों व एलईडी लाइट से प्रकाशमान किया जाएगा। 26 जनवरी को जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों में प्रातः 9:30 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह पुलिस लाइन में आयोजित होगा, जहां पूर्वान्ह 11 बजे मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। कार्यक्रम में पुलिस परेड, विकासपरक झांकियां, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को तहसील स्तर पर गणतंत्र दिवस को उत्साहपूर्वक मनाने तथा व्यापक सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला क्रीड़ा अधिकारी को क्रॉस कंट्री रेस आयोजित कराने एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में निबंध, पेंटिंग व भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 27 जनवरी को जनपद की सभी तहसीलों व नगर निकायों में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) स्थापना दिवस भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस अवसर पर स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, बाल विकास, पुलिस सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां यूसीसी पंजीकरण के साथ-साथ यूसीसी फीडबैक फार्म भी भरवाए जाएंगे। मुख्य शिक्षा अधिकारी को शिक्षण संस्थानों में यूसीसी विषय पर भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सी.पी. कोठारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन, जिला युवा कल्याण अधिकारी बी.एस. रावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं वर्चुअल माध्यम से भी उप जिलाधिकारी, शिक्षा अधिकारी एवं नगर निकायों के अधिकारी जुड़े रहे।




