विधायक शिव अरोरा ने दिशा बैठक में रुद्रपुर क्षेत्र से जुड़े अनेक विषय उठाए! विधायक बोले — 2026 से प्रारम्भ होंगी केंद्रीय विद्यालय की कक्षाएँ, रिंग रोड कार्य अंतिम चरण में, जल्दी जनता को समर्पित

Spread the love


विधायक शिव अरोरा ने दिशा बैठक में रुद्रपुर क्षेत्र से जुड़े अनेक विषय उठाए

विधायक बोले — 2026 से प्रारम्भ होंगी केंद्रीय विद्यालय की कक्षाएँ, रिंग रोड कार्य अंतिम चरण में, जल्दी जनता को समर्पित

रुद्रपुर। जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित एपीजे अब्दुल कलाम ऑडिटोरियम में नैनीताल—ऊधम सिंह नगर लोकसभा सांसद अजय भट्ट की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई, वहीं रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने अपनी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों को मजबूती से रखा।

सबसे प्रमुख मुद्दा 1084 करोड़ की लागत से निर्मित हो रही रिंग रोड परियोजना रहा। विधायक शिव अरोरा ने बताया कि रिंग रोड का कार्य 90 प्रतिशत तक पूरा किया जा चुका है और जनवरी 2026 तक परियोजना पूरी तरह तैयार होकर जनता को समर्पित कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह एनएच का इस क्षेत्र का पहला प्रोजेक्ट है जो निर्धारित समय सीमा में पूरा होने जा रहा है। रिंग रोड चालू होने से रुद्रपुरवासियों को जाम की गंभीर समस्या से बड़ी राहत मिलेगी और शहर के विकास की दिशा में यह परियोजना मील का पत्थर साबित होगी।

विधायक अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद अजय भट्ट के विशेष प्रयासों के चलते ही रुद्रपुर को रिंग रोड जैसी बड़ी सौगात मिल पाई है, जिसका लाभ आने वाली पीढ़ियां भी उठाएंगी।

बैठक में विधायक शिव अरोरा ने रुद्रपुर में स्वीकृत केंद्रीय विद्यालय के विषय को भी उठाया। उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्यालय एन. झा इंटर कॉलेज परिसर में स्वीकृत है और इसकी कक्षाएँ वर्ष 2025 में प्रारंभ होनी थी, लेकिन कुछ कारणोंवश प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। उन्होंने आग्रह किया कि 2026 से अस्थायी भवन में ही कक्षाएँ प्रारंभ कराने की निश्चित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि केंद्रीय विद्यालय प्रारंभ करने की प्रक्रिया गतिमान है और दिसंबर 2025 के अंत तक सभी औपचारिकताएँ पूरी कर ली जाएंगी, जिससे वर्ष 2026 से रुद्रपुर में केंद्रीय विद्यालय की पढ़ाई शुरू हो जाएगी।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय के शुरू होने से गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चे, जो आर्थिक कठिनाइयों के कारण गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित रह जाते हैं, उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि 2026 से रुद्रपुर के छात्र-छात्राओं को केंद्रीय विद्यालय के माध्यम से बेहतर शिक्षा मिल सकेगी, जो शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि होगी।

दिशा बैठक में रुद्रपुर से जुड़ी कई अन्य विकास योजनाओं पर भी चर्चा की गई और विधायक अरोरा ने विभागीय अधिकारियों से समयबद्ध गुणवत्ता-युक्त कार्य सुनिश्चित करने की मांग की।



Spread the love