‘‘माय इंडिया, माय वोटरूद्रपुर | 24 जनवरी, 2026जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस

Spread the love


‘‘माय इंडिया, माय वोट’’ और ‘‘वोट जैसा कुछ नहीं—वोट जरूर डालेंगे हम’’ की थीम पर आधारित 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस शुक्रवार को जनपद ऊधमसिंह नगर में पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला कार्यालय सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी


जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय मतदाता शपथ दिलाई। शपथ के माध्यम से सभी ने लोकतंत्र में पूर्ण आस्था व्यक्त करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की मर्यादा बनाए रखने तथा धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना निर्भीक होकर अपने मताधिकार के प्रयोग का संकल्प लिया।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि मतदान लोकतंत्र की आत्मा है। जितना अधिक मतदान होगा, लोकतंत्र उतना ही सशक्त और मजबूत बनेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रत्येक निर्वाचन में अनिवार्य रूप से मतदान करने और समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में जनपद के विद्यालयों में चित्रकला, निबंध एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
पोस्टर/चित्रकला प्रतियोगिता में जनता इंटर कॉलेज रूद्रपुर की नीलम कुमार ने प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फाजलपुर महरौली की मानसी विश्वास ने द्वितीय तथा राजकीय इंटर कॉलेज कनकपुर की शिवाली राठौर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
निबंध प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज कनकपुर की कोमल तिवारी प्रथम, श्री सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज रूद्रपुर की अंशिका तिवारी द्वितीय तथा जनता इंटर कॉलेज की खुशी पाल तृतीय स्थान पर रहीं।
स्लोगन प्रतियोगिता में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पंतनगर की प्राची मिश्रा प्रथम, जनता इंटर कॉलेज रूद्रपुर की अमृता कुमार द्वितीय तथा श्री सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज की कोमल टम्टा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिताओं में विजयी छात्राओं को जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मतदाता जागरूकता से संबंधित पंपलेट एवं पोस्टर वितरित कर आमजन को मतदान के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण योगेन्द्र कुमार सागर, मुख्य शिक्षा अधिकारी के.एस. रावत, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र अधिकारी सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


Spread the love