National Herald Case: मौजूदा वक़्त में नेशनल हेराल्ड मामला एक बार फिर से गर्म चर्चाओं में आ गया है। लगभग एक दशक से अधिक वक़्त से चल रहे इस केस में हाल ही के घटनाक्रम ने न सिर्फ जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किये हैं, बल्कि सरकार, कानूनी सलाहकारों और पूरे न्यायिक तंत्र की भूमिकाओं को लेकर भी नई बहस छेड़ दी है।

Spread the love

राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा लिए गए हालिया फैसले के बाद यह मामला फिर उसी मोड़ पर आ खड़ा हुआ है, जहां से इसकी शुरुआत हुई थी।

अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा दाखिल किये गए चार्जशीट पर संज्ञान लेने से साफ़ मना कर दिया है। कोर्ट का साफ़ कहना है कि बिना ‘प्रेडिकेट ऑफेंस’ यानी मूल अपराध दर्ज हुए मनी लॉन्ड्रिंग की जांच और चार्जशीट कानूनी रूप से ‘वैध’ नहीं मानी जा सकती। हालांकि कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि उसने मामले के मेरिट पर कोई टिप्पणी नहीं की है और न ही जांच पर कोई रोक लगाई है।

क्या है ‘प्रेडिकेट ऑफेंस’ का मुद्दा?

आसान भाषा में समझा जाए तो… मनी लॉन्ड्रिंग की जांच सामान्यतः तभी हो सकती है, जब पहले किसी अन्य एजेंसी, जैसे पुलिस या CBI द्वारा FIR दर्ज कर यह स्थापित किया जाए कि कोई मूल अपराध हुआ है। सुप्रीम कोर्ट ने साल 2022-23 के अपने कई फैसलों में यह साफ़ तौर से बता दिया था कि बिना प्रेडिकेट ऑफेंस के ED सीधे जांच नहीं कर सकती।

यही कारण है कि अदालत ने ED की चार्जशीट को फिलहाल कानूनी आधार पर खारिज कर दिया। अब सवाल यह उठ रहा है कि जब सुप्रीम कोर्ट पहले ही इस स्थिति को साफ़ कर चुका था, तो ED ने बिना FIR के चार्जशीट कैसे दाखिल कर दी?

3 अक्टूबर की FIR और इस मामले में उठते सवाल ?

दिल्ली पुलिस की इकोनॉमिक ऑफेंसेस विंग ने 3 अक्टूबर को नेशनल हेराल्ड मामले में FIR दर्ज की। अब वही एजेंसी इस बात की जांच करेगी कि वास्तव में कोई घोटाला हुआ था या नहीं। अगर जांच में यह सामने आ जाता है कि अपराध हुआ है और उससे जुड़ा पैसा कहां गया, तभी ED की भूमिका फिर से शुरू होगी। लेकिन, बड़ा सवाल यह है कि यह FIR पहले क्यों नहीं दर्ज की गई? जब सुप्रीम कोर्ट के फैसले आ चुके थे, तब भी एजेंसियों ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया को पूरा क्यों नहीं किया?

2000 करोड़ की संपत्ति और आरोप

नेशनल हेराल्ड केस में आरोप है कि लगभग 2000 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों पर कब्जे का ‘बड़ा खेल’ किया गया। ‘यंग इंडिया’ नाम की कंपनी, जिसमें सोनिया गांधी और राहुल गांधी की बड़ी भागीदारी बताई जाती है, पर गंभीर आरोप लगे हैं। ED का दावा रहा है कि जांच में फर्जी डोनेशन, फर्जी विज्ञापन और फर्जी खर्च दिखाने के सबूत प्राप्त हुए हैं। इसी आधार पर संपत्तियां अटैच भी की गईं, जिस पर अदालत ने कोई रोक नहीं लगाई थी।

इसके बाद आरोपियों के खिलाफ अब तक न तो कोई आरोप तय हो पाए हैं और न ही मुकदमा आगे बढ़ सका है। यही सबसे बड़ी वजह है कि यह मामला निरंतर राजनीतिक और कानूनी बहस का मुख्य केंद्र बना हुआ है।

सरकार और लीगल सिस्टम पर उठते सवाल..!

इस पूरे घटनाक्रम ने केंद्र सरकार की मंशा और उसकी कानूनी टीम की दक्षता पर भी कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। आलोचकों का कहना है कि अगर सरकार वास्तव में इस मामले में दोषियों को सजा दिलाना चाहती, तो जांच एजेंसियों और कानूनी अधिकारियों को वक़्त रहते सही दिशा-निर्देश दिए जाते।

दूसरी तरफ़, यह तर्क भी सामने आ रहा है कि अदालतों में मामलों के लंबित रहने और कानूनी पेचीदगियों की वजह से न्याय प्रक्रिया काफी धीमी हो गई है। लेकिन नेशनल हेराल्ड जैसे ‘ओपन एंड शट’ बताए जा रहे केस में भी 12-13 साल से कोई ठोस परिणाम न निकलना, सिस्टम की ‘विश्वसनीयता’ पर भी सवाल अवश्य खड़े करता है।

लेकिन… आगे क्या?

फिलहाल दिल्ली पुलिस की जांच पर सबकी निगाहें टिकी हैं। अगर जांच में प्रेडिकेट ऑफेंस साबित होता है, तो ED फिर से सक्रिय होगी। ED ने यह भी संकेत दिए हैं कि वह राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले को हाई कोर्ट में चुनौती दे सकती है।

बता दे, नेशनल हेराल्ड केस अब केवल एक कानूनी मामला नहीं रहा, बल्कि यह न्यायपालिका, कार्यपालिका और जांच एजेंसियों के तालमेल की परीक्षा बन चुका है। आगामी दिनों में अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि यह मामला किसी निर्णायक मोड़ तक पहुंचता है ? या फिर… लंबे वक़्त तक ये मामला कानूनी दांव-पेंच में उलझा रहता है।


Spread the love