

रूद्रपुर, 09 अप्रैल 2026।
मा० उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में जनपद ऊधम सिंह नगर में आगामी 09 मई 2026 (द्वितीय शनिवार) को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण योगेन्द्र कुमार सागर ने बताया कि यह आयोजन प्रातः 10 बजे से सायं 05 बजे तक किया जाएगा।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)
उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय रूद्रपुर स्थित जिला न्यायालय के साथ-साथ जनपद के अन्य न्यायालयों—काशीपुर, खटीमा, बाजपुर, जसपुर, सितारगंज एवं किच्छा—में भी राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी, जिससे अधिक से अधिक वादकारियों को इसका लाभ मिल सके।
सचिव योगेन्द्र कुमार सागर के अनुसार, लोक अदालत में प्री-लिटीगेशन एवं न्यायालयों में लंबित विभिन्न प्रकार के वादों का निस्तारण किया जाएगा। इनमें प्रमुख रूप से भरण-पोषण, धन वसूली, श्रम विवाद, विद्युत एवं जल कर बिल, धारा 138 एनआई एक्ट से जुड़े मामले, आपराधिक शमनीय वाद, सिविल वाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, वैवाहिक मामले (तलाक को छोड़कर), भूमि अधिग्रहण, सेवा संबंधी विवाद, राजस्व वाद तथा मोटर वाहन अधिनियम के चालान शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि सिविल प्रकृति के मामलों जैसे किरायेदारी, सुखाधिकार एवं व्यादेश से संबंधित मामलों का भी लोक अदालत में निस्तारण किया जाएगा, जिससे पक्षकारों को त्वरित एवं सुलभ न्याय मिल सके।
सचिव ने जनपद के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति अपने वादों का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से कराना चाहते हैं, वे संबंधित न्यायालय में किसी भी कार्य दिवस पर स्वयं या अपने अधिवक्ता के माध्यम से प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके अलावा जिला न्यायालय परिसर स्थित एडीआर केंद्र, रूद्रपुर में भी आवेदन किया जा सकता है।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, एडीआर केंद्र रूद्रपुर के हेल्प डेस्क नंबर 9411531449, फोन नंबर 05944-250682 या ई-मेल dlsausnagar@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं।
राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से वादों का त्वरित, सुलभ और आपसी सहमति से समाधान संभव है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है।




