

चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी), 19 फरवरी।
आज जन-जन की सरकार के तहत आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जनपद के चिन्यालीसौड़ ब्लॉक में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
कार्यक्रम के दौरान राज्य आंदोलनकारी संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का सम्मान किया। संगठन के अध्यक्ष विजेंद्र जगूड़ी, संयोजक कमल सिंह राणा, सचिव राजेश सिंह रावत सहित अनेक राज्य आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर आंदोलनकारियों की ओर से मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें सरकार द्वारा राज्य आंदोलनकारियों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण तथा पेंशन वृद्धि जैसे निर्णयों के लिए आभार प्रकट किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लिए गए ये निर्णय लंबे समय से लंबित मांगों की पूर्ति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।




