
रुद्रपुर/उत्तराखंड।वरिष्ठ पत्रकार, समाजसेवी एवं उत्तराखंड सरकार में पूर्व दर्जा राज्य मंत्री रहे श्री नरेंद्र रौतेला जी के निधन का दुःखद समाचार शनिवार को प्राप्त हुआ। उनके निधन से उत्तराखंड के पत्रकारिता जगत, सामाजिक क्षेत्र एवं राजनीतिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
नरेंद्र रौतेला जी का जीवन पत्रकारिता के उच्च आदर्शों, सामाजिक सरोकारों और जनसेवा को समर्पित रहा। वे लंबे समय तक निर्भीक पत्रकार के रूप में समाज की सच्चाइयों को उजागर करते रहे और अपने निष्पक्ष विचारों के लिए पहचाने जाते थे। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान भी उनकी लेखनी ने जनभावनाओं को स्वर दिया था।
उत्तराखंड सरकार द्वारा उन्हें पूर्व में दर्जा राज्य मंत्री का सम्मान भी प्रदान किया गया था, जो उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा और योगदान का प्रमाण था।
उनके निधन की खबर मिलते ही राज्यभर से शोक संदेशों का तांता लग गया। अनेक पत्रकार संगठनों, राजनेताओं, समाजसेवियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, विधायक शिव अरोड़ा, और विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्री रौतेला जी की अंतिम यात्रा रविवार को उनके निवास स्थान से प्रारंभ होकर स्थानीय मुक्तिधाम तक जाएगी। पत्रकार साथियों, गणमान्य नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों से बड़ी संख्या में उनके अंतिम दर्शन हेतु पहुँचने की अपील की गई है।
श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र रौतेला के निधन पर जताया शोक
वरिष्ठ पत्रकार एवं पूर्व दर्जा राज्य मंत्री श्री नरेंद्र रौतेला के निधन पर श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। यूनियन के पदाधिकारियों ने इसे पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
यूनियन के अध्यक्ष दिनेश शास्त्री, महासचिव विश्वजीत नेगी, वरिष्ठ पत्रकार अजय जोशी, जिला अध्यक्ष राजीव चावला, नगर अध्यक्ष मनोज आर्य, विनोद पांडे, ललित जोशी, संदीप बिष्ट, हरेंद्र सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अवतार सिंह बिष्ट,प्रमोद शाह सहित अन्य पत्रकारों ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि नरेंद्र रौतेला ने पत्रकारिता को जनसेवा का माध्यम बनाया और सदैव निर्भीकता से सत्य को उजागर किया।
श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की ओर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की गई।
ॐ शांति।


हम सभी ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवारजनों को यह असीम दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
ॐ शांति।

