पंतनगर विश्वविद्यालय ने “क्रिएटिव उत्तराखंड – म्यर पहाड़” संस्था से किया एमओयू, छात्रों को मिलेगा उद्योग विशेषज्ञों का मार्गदर्शन

Spread the love


पंतनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं तकनीकी विश्वविद्यालय पंतनगर ने अपने व्यावसायिक पाठ्यक्रमों को अधिक व्यावहारिक और रोजगारपरक बनाने के लिए सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था “क्रिएटिव उत्तराखंड – म्यर पहाड़” के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता कुलपति डॉ. मनमोहन चौहान के निर्देशन में डायरेक्टर रिसर्च डॉ. सुभाष चंद्रा द्वारा किया गया।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस एमओयू के तहत कृषि, हेल्थकेयर, बैंकिंग, सॉफ्टवेयर, तकनीकी और रिसर्च मैनेजमेंट जैसे कोर्स कर रहे विद्यार्थियों को अध्ययन के दौरान उद्योगों से जुड़े विशेषज्ञों के अनुभवों का लाभ मिलेगा। साथ ही, बदलती तकनीक और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप पाठ्यक्रमों को समय-समय पर अपडेट किया जाएगा। विश्वविद्यालय अपने नए शोध कार्यों को पहाड़ के किसानों तक पहुंचाने, बद्री गाय पालन और मोरिंगा प्लांटेशन को बढ़ावा देने का भी कार्य करेगा।

“क्रिएटिव उत्तराखंड” संस्था के अध्यक्ष दयाल पांडे ने बताया कि इस विश्वविद्यालय से पढ़े हुए कई पूर्व छात्र देश-विदेश में कार्यरत हैं और वे अपने अनुभवों से वर्तमान विद्यार्थियों को लाभान्वित करना चाहते हैं। संस्था का प्रयास रहेगा कि इन प्रवासी विशेषज्ञों को विद्यार्थियों से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि उनकी संस्था पिछले दो दशकों से पहाड़ में तकनीकी कृषि, लोकभाषा संरक्षण, डिजिटलाइजेशन, संस्कृति संवर्धन, डॉक्यूमेंटेशन और पढ़ने-लिखने की संस्कृति को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है।



Spread the love