

भीमताल, 26 मार्च 2026।भीमताल विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की बदहाल स्थिति को उजागर करने के लिए पूर्व दर्जा राज्य मंत्री एवं राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू ने अनोखा विरोध प्रदर्शन कर सबका ध्यान खींचा। पदमपुरी-खुटानी धारी मोटर मार्ग पर गहरे गड्ढों को खुद मिट्टी से भरकर उन्होंने सरकार और नए मंत्री को “आइना” दिखाने का प्रयास किया।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)
यह मार्ग हाल ही में मंत्री बने राम सिंह कैड़ा के विधानसभा क्षेत्र में आता है। उनके प्रथम दौरे से ठीक पहले पनेरू का यह कदम राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।
पनेरू ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि उन्होंने यह काम इसलिए किया ताकि मंत्री के काफिले को सड़क पर “झटके” न लगें। उन्होंने इसे विरोध नहीं, बल्कि “स्वागत” का प्रतीक बताया, लेकिन साथ ही चेतावनी भी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर सड़क की हालत नहीं सुधरी तो अगला दौरा “भारी” पड़ सकता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों में क्षेत्रीय विधायक और सरकार ने इस महत्वपूर्ण मार्ग की अनदेखी की है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पनेरू ने कहा कि यदि अब रातों-रात सड़क बनती है, तो यह साबित करेगा कि जनहित से ज्यादा सत्ता के दबाव में काम होता है।
इसके साथ ही पनेरू ने मंत्री पर व्यक्तिगत लाभ को प्राथमिकता देने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि हल्द्वानी स्थित जज फार्म क्षेत्र में मंत्री के आवास के पास की सड़कों का तेजी से निर्माण कराया गया, जबकि आम जनता के मार्ग उपेक्षित हैं।
पनेरू ने धामी सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि क्षेत्र में सड़कों में भ्रष्टाचार और जनता की गाढ़ी कमाई के दुरुपयोग के बावजूद मंत्री पद “इनाम” के रूप में दिया गया है। उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण के आरोपी से जुड़े रिसॉर्ट प्रकरण का उल्लेख करते हुए भी सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
अंत में पनेरू ने कहा कि जनता सब देख रही है और 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका जवाब जरूर देगी।
— समाप्त —




