राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को 71 प्रमुख हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया। इस वर्ष 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 25 जनवरी को कुल 139 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को देश के शीर्ष नागरिक पुरस्कारों – पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री के लिए नामित किया गया था।

Spread the love

इनमें से 71 को राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में सोमवार को ये पुरस्कार प्रदान किए गए। शेष को शीघ्र ही एक अलग समारोह में ये सम्मान दिए जाएंगे।

संवाददाता,शैल ग्लोबल टाइम्स/ हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स /उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी, अवतार सिंह बिष्ट रुद्रपुर, (उत्तराखंड)

एशियन इंस्टीट्यूट ऑफ गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और एआईजी हॉस्पिटल्स के अध्यक्ष डी. नागेश्वर रेड्डी, वरिष्ठ अभिनेता एवं निर्देशक शेखर कपूर, वायलिन वादक लक्ष्मीनारायण सुब्रमण्यम और तेलुगु सुपरस्टार नंदमुरी बालकृष्ण सहित कई प्रमुख हस्तियों में शामिल हैं, जिन्हें पद्म पुरस्कार प्रदान किए गए। इस मौके उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

पद्म विभूषण पाने वालों चार विभूतियों में सुजुकी (मरणोपरांत), सुब्रमण्यम, रेड्डी और मलयालम लेखक एवं फिल्म निर्देशक एम.टी. वासुदेवन नायर (मरणोपरांत) शामिल हैं।

वहीं कुल 10 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। इनमें केरल से पीआर श्रीजेश (खेल), गुजरात से पंकज पटेल (व्यापार और उद्योग), महाराष्ट्र से पंकज उधास (मरणोपरांत) (कला), उत्तर प्रदेश से राम बहादुर राय (साहित्य और शिक्षा-पत्रकारिता), उत्तर प्रदेश से साध्वी ऋतंभरा (सामाजिक कार्य), तमिलनाडु से एस अजित कुमार (कला), महाराष्ट्र से शेखर कपूर (कला), तमिलनाडु से शोभना चंद्रकुमार (कला), बिहार से सुशील कुमार मोदी (मरणोपरांत) (सार्वजनिक मामले) और संयुक्त राज्य अमेरिका से विनोद धाम (विज्ञान और इंजीनियरिंग) शामिल हैं।

सुशील मोदी को मरणोपरांत मिला पद्म भूषण

बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी (मरणोपरांत) को सार्वजनिक क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। सुशील कुमार मोदी की पत्नी जेसी सुशील मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पुरस्कार प्राप्त किया। सुशील मोदी का सात महीने तक कैंसर से जूझने के बाद 13 मई, 2024 को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया। वह 72 वर्ष के थे। अपने तीन दशक के राजनीतिक जीवन में मोदी ने बिहार के राजनीतिक माहौल को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह विधायक, एमएलसी और लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य रहे। उन्होंने 2005 से 2013 तक और फिर 2017 से 2020 तक बिहार के उप मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया।

पीआर श्रीजेश को पद्म भूषण, आर अश्विन बने पद्मश्री

खिलाड़ियों की बात करें तो हॉकी दिग्गज पीआर श्रीजेश को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पद्म भूषण से सम्मानित किया तो पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन को पद्मश्री पुरस्कार से नवाजा गया।

पूर्व भारतीय हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश को खेल के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए राष्ट्रपति मुर्मू से पद्म भूषण पुरस्कार प्राप्त हुआ। उन्होंने पेरिस ओलम्पिक में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया था और कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास ले लिया था।

वहीं क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन को खेल के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पद्मश्री पुरस्कार प्राप्त हुआ। अश्विन ने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए अविश्वसनीय प्रदर्शन किया है। वह भारत की वनडे वर्ल्ड कप 2011 टीम का भी हिस्सा थे। उन्होंने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुई बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।


Spread the love