

रुद्रपुर। युवा भारती नेताजी सुभाष चंद्र बोस क्लब के तत्वावधान में रविंद्र नगर खेल मैदान में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले भर की टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा उपस्थित रहे।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
टूर्नामेंट के अंतिम दिन विधायक शिव अरोड़ा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फाइनल मैच का शुभारंभ किया और उनका उत्साहवर्धन किया। फाइनल मुकाबला रविंद्र नगर और शक्ति फार्म की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें रोमांचक संघर्ष के बाद अंतिम क्षणों में शक्ति फार्म की टीम ने रविंद्र नगर को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
विजेता रही शक्ति फार्म की टीम को विधायक शिव अरोड़ा ने ट्रॉफी प्रदान कर शुभकामनाएं दीं। वहीं, टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रविंद्र नगर टीम के खिलाड़ी श्रीज. देवा को “मैन ऑफ द सीरीज” के खिताब से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि युवा भारती नेताजी सुभाष चंद्र बोस क्लब द्वारा हर वर्ष शानदार एवं सुव्यवस्थित फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा खिलाड़ी प्रदेश, जिला और राष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करें।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में खेल और खिलाड़ियों के लिए बेहतर वातावरण एवं सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान देव बाला, अनुराग, रौनक सरकार, विशाल, अंशु, अरुण मेहता, सुकुमार, हीरा मंडल, मधु, कार्तिक, महादेव बाला, कृष्णा, जोहदार, अनिवेश मंडल, अभिजीत, मनोज मदान, संजय हलदार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी व आयोजक उपस्थित रहे।




