कुमाऊं विश्वविद्यालय की पेंचक सिलाट टीम की शानदार उपलब्धि: राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रोहित ने रजत और अंकित ने कास्य पदक जीता

Spread the love

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय की पेंचक सिलाट (Pencak Silat) पुरुष टीम ने एक बार फिर विश्वविद्यालय और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। दिनांक 14 से 16 अप्रैल 2025 तक बेंगलुरु नॉर्थ विश्वविद्यालय, कर्नाटक में आयोजित अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय पेंचक सिलाट पुरुष प्रतियोगिता 2024-25 में विश्वविद्यालय की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो पदक हासिल किए।

संवाददाता,शैल ग्लोबल टाइम्स/ हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स /उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी, अवतार सिंह बिष्ट रुद्रपुर, (उत्तराखंड)

प्रतियोगिता के 50-55 किलोग्राम भार वर्ग में रोहित ने रजत पदक (Silver Medal) पर कब्जा जमाया, जबकि 60-65 किलोग्राम भार वर्ग में अंकित सिंह ने कास्य पदक (Bronze Medal) जीतकर कुमाऊं विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया। टीम के मैनेजर हितेंद्र मेहता थे, जिन्होंने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते हुए उनके प्रदर्शन को दिशा दी।

इस उपलब्धि की जानकारी कुमाऊं विश्वविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. नागेंद्र शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता में देशभर के 30 विश्वविद्यालयों की पुरुष एवं महिला टीमों ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद कुमाऊं विश्वविद्यालय की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीवान एस. रावत, कुलसचिव डॉ. मंगल सिंह मंदरवाल, वित्त नियंत्रक श्रीमती अनीता आर्य, डी.एस.बी. परिसर की निदेशक प्रो. नीता बोरा शर्मा, डी.एस.डब्ल्यू प्रो. संजय पंत, डॉ. संतोष कुमार, प्रो. ललित तिवारी, प्रो. महेंद्र राणा, प्रो. राजेश ऊभान, डॉ. राजेश कुमार सहित विश्वविद्यालय के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने टीम को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी।

कुलपति प्रो. रावत ने घोषणा की कि इन खिलाड़ियों को शीघ्र ही विश्वविद्यालय परिसर में आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा, ताकि अन्य छात्र-छात्राएं भी खेलों में भाग लेकर प्रेरणा प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय खेलों को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग करता रहेगा।

यह उपलब्धि न केवल विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात है, बल्कि राज्य के युवाओं को यह संदेश भी देती है कि अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।


Spread the love