रूद्रपुर: जिलाधिकारी ने मासिक बैठक में दी अधिकारियों को सख्त निर्देश

Spread the love

रूद्रपुर: जिलाधिकारी ने मासिक बैठक में दी अधिकारियों को सख्त निर्देश

रूद्रपुर, 10 जून, 2025 – जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मंगलवार को जिला सभागार में आयोजित मासिक स्टाफ बैठक के दौरान अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने लम्बित वादों के निस्तारण को प्राथमिकता देते हुए राजस्व वसूली के लिए कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता जताई, ताकि शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित हो सके।

जिलाधिकारी ने वित्तीय वर्ष की राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को राजस्व वसूली कार्ययोजना को अभी से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बड़े राजस्व बकायेदारों की सूची बनाने का आदेश दिया और इसे संबंधित तहसील कार्यालयों में सार्वजनिक करने को कहा।

इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने आबकारी अधिकारियों को कच्ची शराब और अवैध मदिरा बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने हेतु नियमित छापेमारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने खनन अधिकारियों और उप जिलाधिकारियों को अवैध खनन और भंडारण पर सख्त कार्रवाई के लिए संयुक्त छापेमारी का आदेश भी दिया।

कानून व्यवस्था पर भी चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने न्यायालयों में अभियोजन पक्ष द्वारा प्रभावी पैरवी करने के निर्देश दिए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। उन्होंने वादों के साक्ष्य प्रस्तुत करने और निस्तारण में देरी के कारणों को लिखित रूप में देने का आदेश डीजीसी को दिया। इसके साथ ही डीजीसी की पाक्षिक बैठक लेने के निर्देश अपर जिलाधिकारी प्रशासन को दिए।

सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिलाधिकारी ने एआरटीओ, पुलिस, और उप जिलाधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए। चकबंदी और बन्दोबस्ती कार्यों में गति लाने का भी निर्देश दिया, साथ ही राशन वितरण की नियमित निगरानी करने की बात कही।

सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को समय पर निस्तारित करने के साथ ही शिकायतकर्ताओं से स्वयं संवाद करने की बात भी जिलाधिकारी ने कही। वर्षाकाल की शुरुआत के मद्देनजर, अधिकारियों को दैवी आपदाओं के लिए तैयारी रखने का निर्देश भी दिया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी अशोक कुमार जोशी, पंकज उपाध्याय, संयुक्त मजिस्ट्रेट आशिमा गोयल, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, सीएस चौहान, डॉ. अमृता शर्मा, रविन्द्र बिष्ट, रविन्द्र जुआठा, कौस्तुभ मिश्र, ओसी कलैक्ट्रेट गौरव पाण्डे, पुलिस उपाधीक्षक एके वर्मा, संयुक्त निदेशक अभियोजन पीएस जंगपांगी, डीजीसी मनोज तिवारी, अभिहित अधिकारी डॉ0 प्रकाश फुलारा, एआरटीओ मोहित कोठारी, पूजा नयाल, जिला पूर्ति अधिकारी विपिन कुमार और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


Spread the love