

रुद्रपुर को नहीं बनने देंगे नशा माफियाओं का गढ़ : विकास शर्मा
– पुलिस-प्रशासन के साथ जनसहभागिता जरूरी, महापौर ने दिया आश्वासन

रुद्रपुर। शहर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में स्थित एक बड़े सार्वजनिक पार्क को नशेड़ियों और अपराधियों ने अड्डा बना लिया है, जिससे क्षेत्रवासियों का जीना दुश्वार हो गया है। वार्ड नंबर 10, ठाकुरनगर के नागरिक मंगलवार को महापौर विकास शर्मा से मिले और समस्या के समाधान की गुहार लगाई।
✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर (उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी)
निवासियों ने महापौर को ज्ञापन सौंपकर बताया कि पार्क में लंबे समय से कच्ची शराब, चरस, स्मैक और अन्य नशीले पदार्थों की खुलेआम बिक्री हो रही है। यहां जुए और नशे का कारोबार चरम पर है। चिंता की बात यह है कि न केवल वयस्क बल्कि नाबालिग बच्चों तक को इस दलदल में धकेला जा रहा है। महिलाओं और बेटियों के साथ फब्तियां कसने, गाली-गलौज और छेड़छाड़ जैसी घटनाएं आए दिन घट रही हैं। विरोध करने पर असामाजिक तत्व मारपीट और धमकी देने से भी बाज नहीं आते।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस मामले की शिकायतें कई बार ट्रांजिट कैंप थाने में दर्ज कराई गईं, लेकिन पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई न होने से नशा माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। लोग भय के कारण अकेले विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे।
महापौर विकास शर्मा ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए कहा कि नगर निगम की टीम जल्द ही मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने और नशेड़ियों के ठिकानों को ध्वस्त करने की कार्रवाई करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नजूल भूमि पर अवैध कब्जा कर नशे का अड्डा बनाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और आवश्यक होने पर निगम का बुलडोज़र भी चलाया जाएगा।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा चलाए जा रहे ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ अभियान में नगर निगम पूरी सक्रियता से भागीदारी निभा रहा है। हाल ही में संजय नगर खेड़ा क्षेत्र में भी ऐसे ही माफियाओं पर सख्त कार्रवाई की गई थी। उन्होंने दोहराया कि ट्रांजिट कैंप समेत अन्य इलाकों में अवैध अड्डों का सफाया होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि समय-समय पर पुलिस द्वारा नशा तस्करों और नशे के खिलाफ कार्रवाई की जाती रही है, लेकिन जब तक आम लोगों का सहयोग नहीं मिलेगा, तब तक इस समस्या का पूर्ण समाधान संभव नहीं है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे जागरूक होकर पुलिस और प्रशासन का साथ दें।
महापौर से मुलाकात करने वालों में देव शर्मा, विक्की, राजवीर, रवि कुमार, विमलेश, विश्वनाथ, राकेश, उर्मिला, मालती, संध्या, कल्याणी, राजवती, देवकी देवी, अर्चना, प्रिंका, भानू, गोरी, ममता, अनीता, सुचित्रा, प्रवेश, सीमा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी शामिल रहे।




