

रूद्रपुर, 17 जून 2025 —11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के काउंटडाउन कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को रूद्रपुर के गांधी पार्क से कलेक्ट्रेट तक “रन फॉर योगा” और नशामुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. आलोक कुमार शुक्ला, जिला क्रीड़ा अधिकारी जनकी कार्की व जिला युवा कल्याण अधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर की गई।

इस तीन किलोमीटर दौड़ में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ 300 से अधिक एनसीसी व एनएसएस के छात्र-छात्राओं, पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, पीआरडी जवानों और खिलाड़ियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ के दौरान “योग अपनाएं, नशा छोड़ें”, “स्वस्थ रहें, व्यस्त रहें”, जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।
प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में सौरभ रावत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, पुष्कर चंद द्वितीय तथा धीरज बिष्ट तृतीय स्थान पर रहे। वहीं महिला वर्ग में अंजनी रावत ने प्रथम, गुंजन ने द्वितीय और दीपा रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को क्रमशः ₹1500, ₹1250 एवं ₹1000 के चेक पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए गए।
इस अवसर पर बोलते हुए जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. आलोक कुमार शुक्ला ने कहा, “योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक जीवनशैली है। इसे रोजाना जीवन में शामिल कर हम न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक रूप से भी मजबूत बन सकते हैं।” उन्होंने बताया कि योग के नियमित अभ्यास से मधुमेह, हृदय रोग, उच्च रक्तचाप और फैटी लिवर जैसी बीमारियों से बचाव संभव है।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अधिकारियों ने भी युवाओं को योग व नशामुक्त जीवन की दिशा में जागरूक रहने का संदेश दिया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, डीओ पीआरडी भूपेंद्र सिंह रावत, खेल अधिकारी जनकी कार्की, पुलिस व प्रशासन के विभिन्न अधिकारियों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल योग के प्रति जन-जागरूकता फैलाना था, बल्कि नशा उन्मूलन की दिशा में समाज को एकजुट करने का भी संदेश देना था। अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
— रिपोर्ट: अवतार सिंह बिष्ट, रूद्रपुर
Hindustan Global Times | Shail Global Times




