हनीट्रैप कर युवक से लूटपाट: अश्लील वीडियो बनाकर 50 लाख की फिरौती मांगने की साजिश, 6 आरोपी गिरफ्तार

Spread the love



रुद्रपुर,नानकमत्ता/जनपद ऊधमसिंहनगर के नानकमत्ता क्षेत्र में हनीट्रैप के जरिए युवक को फंसाकर लूटपाट और ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने दो महिलाओं सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई हुंडई आई-10 कार, नगदी, सोने की अंगूठी, एटीएम कार्ड और अन्य सामान बरामद किया है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि 14 मार्च की रात आरोपियों ने महिलाओं के माध्यम से फोन कर एक युवक को अपने जाल में फंसाया। मुलाकात के बहाने उसे नानकमत्ता क्षेत्र के मच्छीझाला इलाके में बुलाया गया। पीड़ित जैसे ही अपनी हुंडई आई-10 कार से वहां पहुंचा, पहले से मौजूद महिलाओं और उनके साथियों ने उसे घेर लिया।
आरोपियों ने युवक को कार से उतारकर भड़ाभुड़िया स्थित एक मकान में बंधक बना लिया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद उसके कपड़े उतरवाकर अश्लील वीडियो बनाया गया और वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उससे 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने की योजना बनाई गई। इस दौरान आरोपियों ने पीड़ित से नगदी, सोने की अंगूठी, दस्तावेज और उसकी कार भी लूट ली।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई। 15 मार्च को उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर डैम क्षेत्र में घेराबंदी कर सामने से आ रही हुंडई आई-10 कार को रोक लिया। कार में सवार तारा सिंह, राजेन्द्र सिंह उर्फ राजू, गुरमीत कौर और सीमा कौर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़ित ने चारों आरोपियों की पहचान कर ली।
पुलिस पूछताछ के आधार पर बाद में रमन सिंह और गुरविन्दर सिंह उर्फ डिम्पल को भी नानकमत्ता के वाटर स्पोर्ट्स क्षेत्र के पास से मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से लूटी गई सोने की अंगूठी और नगदी भी बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य आरोपी तारा सिंह नानकमत्ता कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में लूट, डकैती, अवैध शस्त्र समेत अन्य गंभीर धाराओं में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लूटी गई कार को नेपाल में बेचने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में कोतवाली नानकमत्ता में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
तारा सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह निवासी गिधौर कोतवाली नानकमत्ता,
राजेन्द्र सिंह उर्फ राजू पुत्र महेन्द्र सिंह निवासी भड़ाभुड़िया कोतवाली खटीमा,
सीमा कौर पत्नी राजेन्द्र सिंह निवासी भड़ाभुड़िया,
गुरमीत कौर पत्नी तारा सिंह निवासी गिधौर,
गुरविन्दर सिंह उर्फ डिम्पल पुत्र सर्वण सिंह निवासी ग्राम वरकीडांडी कोतवाली नानकमत्ता,
रमन सिंह पुत्र सतनाम सिंह निवासी ग्राम गिधौर।
पुलिस टीम:
कार्रवाई में उपनिरीक्षक अशोक कांडपाल (खटीमा), निरीक्षक मंजू पांडे, उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत, नवल किशोर, सुनील कुमार, कांस्टेबल कमल पाल, राजकुमार बोरा, नवनीत कुमार, शुभम सैनी, प्रकाश आर्य, रणवीर सिंह, एसओजी कांस्टेबल भूपेंद्र आर्य, महिला कांस्टेबल बबीता रानी और कमला गोस्वामी शामिल रहे।


Spread the love