भीमताल तीन दिन पहले भीमताल झील में मिले महिला के शव की शिनाख्त हो गई है। महिला उत्तरप्रदेश के जालोनी जिला उरई में रहने वाली पुष्पा देवी थी। पति ने हल्द्वानी पहुंचकर उसकी पहचान पत्नी के रूप में की।

Spread the love

पति ने आरोप लगाया है कि पत्नी एक युवक के संग घूमने के लिए भीमताल आ गई थी। जहां युवक ने उसकी हत्या कर शव को झील में फेंक दिया और फरार हो गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संवाददाता,शैल ग्लोबल टाइम्स/ हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स /उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी, अवतार सिंह बिष्ट

सात जून को भीमताल में मोआना ग्रांड होटल के पास झील में एक महिला का शव मिला था। जिसके शरीर पर चोट के निशान थे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए हल्द्वानी मोर्चरी में रखवा दिया था।

साथ ही इंटरनेट मीडिया व सर्विलांश के माध्यम से उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू किए थे। मंगलवार को उत्तरप्रदेश के जालोन जिला उरई निवासी ऋषि तिवारी हल्द्वानी पहुंचे और मृतका की शिनाख्त 27 वर्षीय पत्नी के रूप में की।

ऋषि ने पुलिस को बताया कि उनका ससुराल घर के पास में है। पत्नी कुछ समय से मायके में थी। 27 मई को वह मायके से ससुराल जाने की बात कहकर सूटकेश लेकर निकली थी। मगर ससुराल नहीं पहुंची। इस मामले में 28 मई को जालोन थाने में पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई है।

सोमवार को उन्हें पता चला कि एक महिला का शव भीमताल झील में मिला है। यहां आकर देखा तो शव पत्नी का निकला। उसका आरोप है कि पत्नी एक युवक के संग भीमताल घूमने के लिए आई थी। जिस युवक के संग पत्नी घूमने के लिए आई, उसी ने हत्या कर उसका शव झील में फेंक दिया।

भीमताल थानाध्यक्ष विमल मिश्रा का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया है। इस मामले में तहरीर नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सवाल: आखिर बिना सूचना के क्यों फरार हुआ युवक

महिला एक युवक के संग भीमताल होटल में ठहरी थी। इसके साक्ष्य पुलिस को मिल चुके हैं। अब सवाल यह उठ रहा है कि युवक ने यदि महिला को नहीं मारा तो उसने सूचना पुलिस को क्यों नहीं दी गई। उसका फरार होना हत्या की ओर साफ इशारा कर रहा है।

मेरे बच्चों ने अंतिम बार बात करा दो

महिला के पति ऋषि का कहना है कि पत्नी ने 28 मई को अंतिम बार अपने मायके में फोन किया था। बच्चों से बात कराने की बात कही। इसके बाद से उसका मोबाइल नंबर बंद हो गया था और कोई संपर्क नहीं हो पाया। स्वजन उसकी तलाश में इधर से उधर भटकते रहे।

महिला भीमताल होटल में एक युवक के संग ठहरी थी। युवक फरार है। घटना पर संदेह बना हुआ है। इस मामले में तहरीर का इंतजार किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तहरीर आने पर आगे बढ़ा जाएगा।

विमल मिश्रा, थानाध्यक्ष, भीमताल


Spread the love