

रुद्रपुर, 17 जनवरी 2026।किच्छा तहसील में तृतीय मंगलवार को आयोजित होने वाला नियमित तहसील दिवस अब 19 जनवरी, सोमवार को आयोजित किया जाएगा। यह निर्णय जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में यह विशेष तहसील दिवस राजकीय इंटर कॉलेज दरऊ में आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में ही जनता की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
विशेष तहसील दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे और आमजन की शिकायतों, मांगों व समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया जाएगा। प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।





