फौजी मटकोटा में गूंजेगा मां भुवनेश्वरी का जयकारा, 14 अप्रैल को पहुंचेगी दिव्य डोली

Spread the love


रुद्रपुर। आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम आगामी दिनों में फौजी मटकोटा स्थित दश महाविद्या जग जननी मां भुवनेश्वरी देवी मंदिर में देखने को मिलेगा। मंदिर प्रांगण में मां भुवनेश्वरी की दिव्य और भव्य डोली 14 अप्रैल को हरिद्वार से विधिवत यात्रा करते हुए पहुंचेगी, जिसे लेकर क्षेत्र के भक्तों में भारी उत्साह व्याप्त है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)


जानकारी के अनुसार, प्रसिद्ध भागवताचार्य जुगल किशोर संतोष महाराज, जो मां भुवनेश्वरी के परम उपासक माने जाते हैं, अपने श्रद्धालु भक्तों के साथ 14 अप्रैल को हरिद्वार पहुंचकर विधिपूर्वक मां की डोली लेकर रुद्रपुर के फौजी मटकोटा स्थित मंदिर प्रांगण में आगमन करेंगे। इस दौरान पूरे मार्ग में भक्ति, भजन और जयकारों का माहौल रहेगा।
मंदिर समिति के अनुसार, 15 अप्रैल को मंदिर परिसर में मां भुवनेश्वरी की दिव्य चौकी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्तजन बड़ी संख्या में शामिल होकर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इस अवसर पर महाराज जी द्वारा भागवत कथा, दिव्य मंडाण और भव्य धार्मिक अनुष्ठानों का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।
विशेष आकर्षण के रूप में महाराज जुगल किशोर संतोष जी द्वारा श्रद्धालुओं की जन्म कुंडली का निःशुल्क निर्माण एवं परामर्श भी किया जाएगा, जिससे भक्तों को अपने जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझने का अवसर मिलेगा।
मंदिर समिति और आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे समयानुसार कार्यक्रम में पहुंचकर मां भुवनेश्वरी का आशीर्वाद प्राप्त करें और इस आध्यात्मिक आयोजन का हिस्सा बनें।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार भी करेगा।


Spread the love