उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है।पहाड़ी जिलों में जहां बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में बादलों का डेरा और हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं।

Spread the love

दून में हल्की बादलों के बीच हल्की बूंदाबांदी से पारे में गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, आज भी प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बादल छाये रहने और वर्षा के आसार हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने और अंधड़ चलने को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)

रविवार को देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही बादल मंडराते रहे। कहीं-कहीं हल्की वर्षा भी हुई, जिससे पारे में भी करीब दो डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई।

वहीं, मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। पर्वतीय क्षेत्रों में ज्यादातर स्थानों पर वर्षा और बर्फबारी दर्ज की गई।

केदारनाथ और बदरीनाथ में शाम को हल्का हिमपात हुआ, जबकि आसपास के क्षेत्रों में बौछारें पड़ीं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज भी मौसम का मिजाज इसी प्रकार का बना रह सकता है।

उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गर्जन होने की संभावना है। साथ ही 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है।

उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा राज्य के अन्य पर्वतीय क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां गर्जन, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। देहरादून में भी आंशिक बादल छाये रहने और हल्की वर्षा के आसार हैं।

  • शहर, अधिकतम, न्यूनतम
  • देहरादून, 27.4, 18.8
  • ऊधमसिंह नगर, 32.8, 15.4
  • मुक्तेश्वर, 21.6, 9.2
  • नई टिहरी, 16.5, 9.6


Spread the love