

घटना में कुछ पंजाब के युवाओं ने तलवार से जानलेवा हमला कर स्थानीय युवकों को घायल कर दिया।

संवाददाता,शैल ग्लोबल टाइम्स/ हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स /उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी, अवतार सिंह बिष्ट
पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज से आरोपितों को चिह्नित किया और इसके बाद सात आरोपितों को रुद्रप्रयाग के समीप से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पांच मोटरसाइकिलों को सीज किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात घटना श्रीनगर में ऋषिकेश बस अडडे के पास पेट्रोल पंप के समीप उस समय हुई जब आइपीएल फाइनल मैच का परिणाम आने के बाद देर कुछ स्थानीय युवक सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान यात्रा पर निकले पंजाब के युवकों की मोटरसाइकिलें वहां से गुजरीं।
स्थानीय युवकों ने बाइक के साइलेंसर से तेज आवाज पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि यात्रियों ने तलवार निकालकर स्थानीय युवाओं पर हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपित युवक अपनी बाइकों के साथ मौके से रुद्रप्रयाग की ओर फरार हो गए। घटना में घायल स्थानीय युवकों ने कोतवाली में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
प्रभारी निरीक्षक श्रीनगर कोतवाली जयपाल सिंह नेगी ने बताया कि घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपितों की पहचान की गई। युवकों के रुद्रप्रयाग की ओर जाने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने रुद्रप्रयाग के जवाड़ी क्षेत्र में दबिश देकर सात आरोपितों को गिरफ्तार किया। साथ ही पांच बाइकों को सीज कर लिया गया है।
बताया कि गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान जसकरण सिंह (30), ग्राम गरही अजीत सिंह नवांशहर पंजाब, गुरप्रीत सिंह (24) ग्राम धालीवाल, तहसील नकोदर पंजाब, जशनदीप सिंह (18) ग्राम धाबलका तहसील नकोदर, पंजाब, चरनप्रीत ग्राम (23) शनदवार जालंधर, पंजाब, जसकान सिंह (26) ग्राम लांदरा, तहसील फिल्लौर, जालंधर पंजाब, सुखप्रीत सिंह (23) ग्राम धालीवाल तहसील नकोदर, जालंधर, पंजाब व रमनदीप सिंह (29) ग्राम गरही महानसिंह जालंधर, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद हिंसक झड़प हुई, जिसमें स्थानीय युवक घायल हुए। उन्होंने आमजन से अपील की कि इस घटना को लेकर किसी प्रकार की भ्रामक या आपसी भाईचारे को बिगाड़ने वाली बातें न फैलाएं। पुलिस द्वारा मामले में कठोर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने कोतवाली श्रीनगर में की बैठक
स्थानीय युवाओं व विभिन्न छात्र संगठनों से जुड़े छात्र नेताओं के साथ पुलिस ने कोतवाली श्रीनगर में बैठक की। इस दौरान चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों द्वारा हुड़दंग या अन्य आपराधिक गतिविधि करते हुए पाए जाने पर सूचना पुलिस को देने की अपील की। प्रभारी निरीक्षक जयपाल सिंह नेगी ने कहा कि कोई भी कानून को हाथ में न लें। किसी भी तरह की घटना होती है तो उसकी जानकारी पुलिस को दें ताकि त्वरित कार्यवाही की जा सके। जिससे कि शांति व्यवस्था प्रभावित न हो।
पुलिस चलाएगी सघन चेकिंग अभियान
पंजाब से हेमकुंड साहिब की यात्रा पर बाइक से निकले युवा यात्री बड़ी तलवार लेकर भी चल रहे हैं, जो कि गैर कानूनी भी है। कई जिलों व कई थानों की सीमाओं और चेक पोस्टों को पार कर बीते मंगलवार रात श्रीनगर पहुंचे इन युवा सिख यात्रियों के पास भी बड़ी तलवार थी। जिसे लेकर वह स्थानीय युवाओं को मारने के लिए भी दौड़े। प्रभारी निरीक्षक जयपाल सिंह नेगी ने बताया कि इस मामले में तलवार जब्त कर ली गई है, और श्रीनगर क्षेत्र में इस संदर्भ में सघन चेकिंग अभियान भी चलाया जाएगा।
सिख यात्रियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना को लेकर प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल ने कड़ा विरोध जताया है। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष वासुदेव कंडारी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कोतवाली श्रीनगर पहुंचकर घटना में शामिल यात्रियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। व्यापार सभा अध्यक्ष श्रीनगर दिनेश असवाल ने प्रशासन से आग्रह किया कि इस प्रकार की घटनाओं पर तत्काल कठोर कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में कोई भी यात्री इस तरह की अनुशासनहीनता करने का साहस न कर सके। ज्ञापन सौंपने वालों में दिनेश पंवार, जगदीप रावत, दिनेश पंवार सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।




