

अल्मोड़ा। पीड़ित किसानों ने आज अपने बकाया भुगतान की मांग को लेकर उद्यान विभाग के निदेशक कार्यालय (चौबटिया) में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन शिवसेना के कुमाऊं प्रभारी पुरनचंद भट्ट की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)
धरने के दौरान आक्रोशित किसानों ने मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के कक्ष का घेराव किया और तत्काल समाधान की मांग पर अड़े रहे। किसानों को बताया गया कि चौबटिया स्थित कार्यालय में निदेशक नियमित रूप से नहीं बैठते और अधिकांश कार्य देहरादून से संचालित होता है। इस पर किसानों और शिवसेना पदाधिकारियों ने कड़ा विरोध जताया।
प्रदर्शन के दबाव में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी ने देहरादून स्थित महानिदेशक कार्यालय से संपर्क किया और किसानों की समस्याओं की जानकारी दी। साथ ही किसानों द्वारा दिए गए मांग पत्र पर संस्तुति लिखकर उसे ईमेल के माध्यम से देहरादून भेजा गया।
बाद में अल्मोड़ा के मुख्य उद्यान अधिकारी ने फोन पर जानकारी दी कि देहरादून से निर्देश जारी हुए हैं कि किसानों का बकाया पैसा वापस किया जाए। इसके तहत किसानों से उनकी बैंक डिटेल मांगी गई है और भुगतान सीधे उनके खातों में किए जाने का आश्वासन दिया गया है।
प्रशासन के इस आश्वासन के बाद किसानों ने फिलहाल धरना समाप्त कर दिया। शिवसेना नेता पुरानचंद भट्ट ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।




