अंकिता केस में उर्मिला सनावर की दून एंट्री, राठौर भी आए सामने—सबूत और नार्को टेस्ट को लेकर बढ़ी सियासी तपिश

Spread the love


उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर सियासी और कानूनी हलचल तेज हो गई है। मंगलवार देर रात देहरादून पहुंचीं अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने साफ कहा कि उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे पूरी तरह निराधार हैं और यह सब एसआईटी जांच के नाम पर उन पर दबाव बनाने की साजिश है। उर्मिला ने दावा किया कि वह अंकिता हत्याकांड से जुड़े पुख्ता सबूत लेकर आई हैं और उनका एकमात्र उद्देश्य अंकिता को न्याय दिलाना है। उन्होंने संकेत दिए कि जल्द ही वह एसआईटी के सामने पेश होकर साक्ष्य सौंप सकती हैं।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड)


सहारनपुर में चस्पा हुआ था नोटिस
सोशल मीडिया पर किए गए खुलासों और भाजपा नेताओं पर लगाए गए आरोपों के बाद उर्मिला सनावर के खिलाफ हरिद्वार और देहरादून में मुकदमे दर्ज किए गए थे। पुलिस ने उनके सहारनपुर स्थित आवास पर नोटिस चस्पा कर बयान व साक्ष्य के साथ पेश होने के निर्देश दिए थे। 29 दिसंबर को फेसबुक लाइव के बाद से ही उनके सामने आने को लेकर सस्पेंस बना हुआ था, जो दून पहुंचते ही खत्म हो गया।
हाईकोर्ट से राहत के बाद सामने आए सुरेश राठौर
इधर, भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर भी हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद सार्वजनिक रूप से सामने आए हैं। मंगलवार रात जारी वीडियो में राठौर ने कहा कि आरोपों के कारण वह मानसिक रूप से बेहद परेशान थे और इसी वजह से एकांतवास में चले गए थे। उन्होंने दावा किया कि वह पुलिस जांच में पूरा सहयोग करेंगे और उन पर लगाए गए आरोप झूठे हैं। गौरतलब है कि राठौर के खिलाफ हरिद्वार और देहरादून में मुकदमे दर्ज हैं और इससे पहले पुलिस उनके आवास पर नोटिस चस्पा कर चुकी है।
नार्को टेस्ट को लेकर नया दावा
सामाजिक कार्यकर्ता स्वामी दर्शन भारती ने दावा किया है कि उर्मिला सनावर नार्को टेस्ट के लिए सशर्त तैयार हैं। शर्त यह रखी गई है कि पहले पूर्व विधायक सुरेश राठौर भी नार्को टेस्ट के लिए सहमति दें। दर्शन भारती के अनुसार उर्मिला एसआईटी के सामने न केवल अपना पक्ष रखेंगी, बल्कि साक्ष्य भी सौंपेंगी।
दुष्यंत गौतम केस में बढ़ी जांच की तपिश
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम की तहरीर पर डालनवाला थाने में दर्ज मुकदमे की जांच भी तेज कर दी गई है। इस मामले में उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर पर छवि धूमिल करने और दंगे भड़काने की साजिश के आरोप हैं। एसएसपी देहरादून अजय सिंह के अनुसार, मुकदमे से जुड़े सभी तथ्यों को केस डायरी में शामिल किया जा रहा है।
सवाल वही, जवाब अधूरे
अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग अब भी सड़क से सोशल मीडिया और अदालत तक गूंज रही है। उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर के सामने आने से मामला फिर सुर्खियों में है, लेकिन बड़ा सवाल यही है—क्या यह सबूतों की लड़ाई है या राजनीतिक दबाव और बचाव का नया अध्याय? जवाब अब एसआईटी की जांच और न्यायिक प्रक्रिया पर टिका है।


Spread the love