उत्तराखण्ड गो सेवा आयोग अध्यक्ष डॉ. पं. राजेन्द्र अणथ्वाल का जनपद उधमसिंहनगर भ्रमण, गौ संरक्षण कार्यों की समीक्षा बैठक में लिया भाग”

Spread the love

रूद्रपुर, 16 जून 2025 | संवाददाता – अवतार सिंह बिष्ट,उत्तराखण्ड गो सेवा आयोग के मा० अध्यक्ष डॉ. पं. राजेन्द्र अणथ्वाल ने आज दिनांक 16 जून को जनपद उधमसिंहनगर का भ्रमण किया। उन्होंने जनपद में निराश्रित गौवंशों के संरक्षण एवं पुनर्वास हेतु किये जा रहे प्रयासों की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक में भाग लिया। यह समीक्षा बैठक जिलाधिकारी उधमसिंहनगर की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें पुलिस, प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

डॉ. अणथ्वाल ने जनपद में संचालित गौसदनों की वर्तमान स्थिति, निर्माणाधीन आश्रय स्थलों की प्रगति, गौवंशों के चारे-पानी, स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण अभियान और भू-आवंटन जैसे अहम विषयों पर जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने गौवंश संरक्षण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि इस दिशा में सभी विभागों को समन्वय स्थापित कर तेजी से कार्य करना होगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत, नगर निकायों, पशुपालन विभाग, नगर निगम और पंचायत राज के प्रतिनिधियों से भी सुझाव लिए गए। बैठक के बाद अध्यक्ष जी का रात्रि विश्राम रूद्रपुर के राजकीय अतिथि गृह में निर्धारित है।

आगामी कार्यक्रम:

डॉ. अणथ्वाल 17 जून 2025 को प्रातः 09:00 बजे रूद्रपुर से प्रस्थान करेंगे और 11:00 बजे नैनीताल जनपद के भीमताल पहुँचेंगे, जहाँ वे अन्य गो सेवा कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

यह दौरा न केवल गोवंश संरक्षण कार्यों की जमीनी हकीकत जानने हेतु है, बल्कि यह भी संकेत है कि राज्य सरकार इस विषय को लेकर सजग और सक्रिय है।

शैल ग्लोबल टाइम्स/हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स)

(रिपोर्ट: अवतार सिंह बिष्ट, संवाददाता, रूद्रपुर)


Spread the love