उत्तराखंड क्रांति दल की पंतनगर में बैठक, युवाओं ने थामा दल का दामनकमल कर्नाटक बने पंतनगर–जवाहरनगर नगर अध्यक्ष

Spread the love

पंतनगर। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) की एक महत्वपूर्ण बैठक आज गांधी पार्क, पंतनगर में जिलाध्यक्ष जीवन सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन करते हुए जिलाध्यक्ष जीवन सिंह नेगी ने कहा कि आज उत्तराखंड को राज्य जननी उक्रांद और युवाओं की सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं में लगातार उक्रांद के प्रति रुझान बढ़ रहा है और बड़ी संख्या में युवा साथी दल की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं, जो प्रदेश के सुनहरे भविष्य की ओर संकेत करता है।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी

बैठक में नए युवाओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। किच्छा से अरविंद बिष्ट, भूपेंद्र नेगी तथा जवाहरनगर से रविंद्र सिराड़ी, धीरज बिष्ट, कमल कर्नाटक, गिरीश मेहरा, कमलेश बोरा और भवानी पनेरू ने दल की सदस्यता ग्रहण की। सभी नव सदस्योंने अपने विचार रखते हुए दल के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का विश्वास जताया।

विचार-विमर्श के उपरांत युवा साथी कमल कर्नाटक की दल के प्रति लगन और कार्यशैली को देखते हुए उन्हें पंतनगर–जवाहरनगर क्षेत्र का नगर अध्यक्ष नियुक्त किया गया। नव नियुक्त नगर अध्यक्ष कमल कर्नाटक का जिलाध्यक्ष जीवन सिंह नेगी, जिला संरक्षक आनंद सिंह असगोला, एम.सी. पाण्डेय सहित उपस्थित युवाओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया।

नगर अध्यक्ष कमल कर्नाटक ने कहा कि वे अपने मूल दल में घर वापसी कर चुके हैं और पूरी निष्ठा से उक्रांद के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

बैठक में वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी एवं जिला संरक्षक आनंद सिंह असगोला ने अलग राज्य आंदोलन के इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि अब राज्य को बचाने और संवारने के लिए युवा शक्ति, मातृ शक्ति एवं सैन्य पृष्ठभूमि से जुड़े लोगों को आगे आकर उक्रांद के साथ मिलकर कार्य करना होगा। पूर्व जिलाध्यक्ष एम.सी. पाण्डेय ने कहा कि उत्तराखंड की जनता अब क्षेत्रीय दल की आवश्यकता को समझने लगी है और उक्रांद का महत्व धीरे-धीरे महसूस कर रही है।

बैठक में कमल बिष्ट, ख्याली सिंह, राजेंद्र, भानू प्रताप मेहरा, भूपेंद्र मेहरा, श्याम सिंह, बल्लू कार्की, हेमंत, हरीश, हेमू नेगी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Spread the love