

रुद्रपुर, 10 दिसंबर 2025।
विश्व मानवाधिकार दिवस के अवसर पर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा एडविक हाईटेक प्राइवेट लिमिटेड, सिडकुल पंतनगर में एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा, मानवाधिकारों की जानकारी और सरकारी सहायता सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यशाला में जिला कार्यक्रम अधिकारी व्योमा जैन ने मानवाधिकार, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से संबंधित कानून, 181 महिला हेल्पलाइन, मानव संसाधन (HR) की भूमिका एवं बाल विवाह की रोकथाम विषय पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यस्थल पर महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रत्येक संस्था की कानूनी जिम्मेदारी है।
जिला मिशन कोऑर्डिनेटर श्रीमती ईशु चंद्रा ने कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न (POSH अधिनियम) के प्रावधानों पर प्रकाश डाला। वहीं वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक कविता बडोला ने घरेलू हिंसा से संबंधित कानूनों एवं पीड़ित महिलाओं को मिलने वाली सहायता सेवाओं की जानकारी दी।
कार्यशाला में किरण गोस्वामी (सहायक निदेशक, उद्योग केंद्र ऊधम सिंह नगर), बाल विकास परियोजना अधिकारी रुद्रपुर शहर श्रीमती आशा नेगी, प्रभारी श्रीमती आशा जोशी, जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती कमला अधिकारी, जिला परियोजना सहायक श्रीमती मेघा यादव सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला के अंत में कर्मचारियों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया और महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक व सशक्त बनने का संदेश दिया गया।




