

रुद्रपुर की प्रतिष्ठित और पॉश सोसाइटी ओमैक्स रिवेरा में चैत्र नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ अत्यंत भव्य और भक्तिमय वातावरण में हुआ। नवरात्रि के प्रथम दिन माँ भगवती की सजी हुई भव्य चौकी ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। विशेष आकर्षण रहा मुरादाबाद से पधारीं प्रसिद्ध भजन गायिका दिव्या शर्मा का सुमधुर भजन संकीर्तन, जिनकी आवाज़ पर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)
यह 9 दिवसीय धार्मिक आयोजन सोसाइटी में पहली बार आयोजित किया जा रहा है, जिसे लेकर निवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक माता की चौकी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश-प्रदेश के ख्यातिप्राप्त भजन गायक एवं गायिकाएं माँ भगवती का गुणगान करेंगे। आयोजन के समापन पर 27 मार्च को दोपहर 12:30 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
प्रथम दिवस का पूजन श्री राजेन्द्र तुलसियान एवं उनके परिवार द्वारा विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। उल्लेखनीय है कि खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। भारी संख्या में उमड़ी भीड़ ने यह सिद्ध कर दिया कि आस्था के आगे विपरीत परिस्थितियां भी फीकी पड़ जाती हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सोसाइटी के सेवादारों की अहम भूमिका रही। अभिनव छाबड़ा, विनीत कक्कड़, योगेश वर्मा, ललित गोयल, अमित, ध्रुव सिंघल, संदीप विजन, संदीप अग्रवाल, सचिन गुम्बर, संजय धौढियाल, श्रीकर सिन्हा, तरुण, योगेश लाम्बा, के.के. श्रीवास्तव, मोहित कक्कड़ सहित अनेक सेवादारों ने व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संभाला।
नवरात्र महोत्सव का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सोसाइटी के सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का भी सुंदर उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। आने वाले दिनों में यह आयोजन और अधिक भव्यता के साथ आगे बढ़ेगा, ऐसी उम्मीद जताई जा रही है।




