गौला नदी पर 250 मीटर पीएससी पुल को मंजूरी, 18.78 करोड़ स्वीकृत; गणेश उपाध्याय के प्रयासों को मिली गति

Spread the love


सितारगंज/ऊधमसिंह नगर। सितारगंज विधानसभा क्षेत्र के सूर्यनगर और शांतिपुरी नंबर-4 के बीच गौला नदी पर 250 मीटर लंबे पीएससी (प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट) पुल के निर्माण को शासन से मंजूरी मिल गई है। परियोजना के लिए 18.78 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई व्यय वित्त समिति (ईएफसी) से स्वीकृति मिलने के बाद अब जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इस परियोजना के अंतर्गत 250 मीटर लंबे पुल के साथ दोनों ओर लगभग 1100 मीटर एप्रोच मार्ग का भी निर्माण किया जाएगा। पुल बनने से बरसात के दौरान बाधित रहने वाला आवागमन सुचारु होगा और सूर्यनगर, शांतिपुरी सहित आसपास के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की डीपीआर को ईएफसी की स्वीकृति मिलने के बाद शासन ने धनराशि जारी कर दी है। विभागीय औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। वहीं लोक निर्माण विभाग के एसडीओ अजेंद्र जोशी ने बताया कि जल्द टेंडर जारी कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
इस पुल की मांग क्षेत्रवासी लंबे समय से कर रहे थे। पुल बनने से किसानों, विद्यार्थियों, श्रमिकों तथा आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
इस परियोजना को लेकर कांग्रेस नेता एवं पूर्व राज्य मंत्री गणेश उपाध्याय के लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों को भी अब गति मिली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने लगातार इस पुल के निर्माण की आवश्यकता को विभिन्न मंचों पर उठाया और शासन का ध्यान इस महत्वपूर्ण परियोजना की ओर आकर्षित किया। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोगों को उम्मीद है कि जल्द निर्माण कार्य शुरू होकर वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी।
परियोजना एक नजर में
पुल: 250 मीटर पीएससी पुल
स्थान: सूर्यनगर–शांतिपुरी नंबर-4 के बीच गौला नदी
स्वीकृत लागत: 18.78 करोड़ रुपये
एप्रोच मार्ग: दोनों ओर लगभग 1100 मीटर
अगला चरण: टेंडर प्रक्रिया के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।


Spread the love