राज्यकीय प्राथमिक विद्यालय शांतिपुरी में धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस, रंगारंग कार्यक्रमों ने मोहा मन — मुख्य अतिथि रहे डॉ. गणेश उपाध्याय

Spread the love

शांतिपुरी। राज्यकीय प्राथमिक विद्यालय शांतिपुरी एक एवं दो के संयुक्त परिसर में 14 नवंबर को पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में हर्षोल्लास व उत्साहपूर्वक मनाई गई। सर्वप्रथम पंडित नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इसके उपरांत विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें देशभक्ति व बालपन से जुड़ी मनमोहक झांकियों ने सभी का दिल जीत लिया।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. गणेश उपाध्याय (पूर्व दर्जा राज्य मंत्री) ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू भारत के प्रथम प्रधानमंत्री और आधुनिक भारत के निर्माता थे। उन्होंने गांधी जी के साथ आजादी के आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लिया और लगभग 9 वर्ष जेल में रहे। डॉ. उपाध्याय ने अपनी पुरानी यादों को साझा करते हुए बताया कि उन्होंने भी इसी विद्यालय से शिक्षा ग्रहण की थी और आज बच्चों के बीच बैठकर अपने विद्यार्थी जीवन की स्मृतियाँ ताजा हो गई हैं।
उन्होंने कहा— “आने वाले समय में आप मुझसे कहीं अधिक बेहतर बन सकते हैं, लेकिन मैं आपकी तरह अब बच्चा नहीं बन सकता। इसके लिए मुझे दूसरा जन्म लेना पड़ेगा।”
उन्होंने अनुशासन, संस्कार और निष्ठा को जीवन में सफलता की कुंजी बताते हुए बच्चों को उत्कृष्ट भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर डॉ. उपाध्याय द्वारा विद्यालय के छात्र-छात्राओं को कॉपियां व मिष्ठान वितरण किया गया तथा आंगनबाड़ी के नन्हे बच्चों को चॉकलेट दी गई। कार्यक्रम की सफलता पर प्रधानाध्यापक श्री भगत सिंह मेहता एवं श्रीमती आशा पांडे ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए मुख्य अतिथि डॉ. उपाध्याय का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में धीरेंद्र सिंह बनकोटी, दिव्या पांडेय, श्रीमती कमला चौहान (आंगनबाड़ी सहायिका), श्रीमती दीपा नयाल सहित कई जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं दर्जनों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
बाल दिवस पर आयोजित यह सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यालय परिसर में आनंद, उत्साह और प्रेरणा की अविस्मरणीय स्मृतियाँ छोड़ गया। ✨


Spread the love