

रुद्रपुर | 7 अगस्त 2025
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में ऊधम सिंह नगर में जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में संक्रमण और बीमारियों की रोकथाम हेतु तेज़ी से स्वच्छता और रसायन छिड़काव कार्य चलाया जा रहा है।✍️अवतार सिंह बिष्ट,हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी

नगर निगम और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों की मौजूदगी में जलभराव वाले इलाकों में चूना, ब्लीचिंग पाउडर व मच्छरनाशक दवाओं का छिड़काव सुनिश्चित किया जा रहा है। यह कार्य विशेषकर निचले क्षेत्रों, बस्तियों व गली-मोहल्लों में केंद्रित किया गया है, जहां हालिया भारी वर्षा के चलते पानी भर गया था।
जिलाधिकारी ने पहले ही सभी संबंधित विभागों को तत्परता और समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिए थे। नगर निगम की टीमें लगातार क्षेत्रवार निरीक्षण कर रही हैं और स्थिति पर निगरानी रखे हुए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने भी अलर्ट मोड में रहते हुए लोगों से अपील की है कि वे साफ-सफाई बनाए रखें, गंदे पानी से दूरी बनाए रखें और किसी भी बीमारी के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें।
यह अभियान न केवल मच्छरजनित रोगों की रोकथाम में सहायक होगा, बल्कि महामारी जैसी स्थिति से बचाव में भी अहम भूमिका निभाएगा।




