
किच्छा। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता एवं पूर्व दर्जा राज्यमंत्री डॉ. गणेश उपाध्याय ने गुरुवार को दर्जनों किसानों के साथ किच्छा चीनी मिल का घेराव किया। उन्होंने मिल प्रबंधन से गन्ना पेराई सत्र शीघ्र शुरू करने और गन्ने के मूल्य में ₹500 प्रति क्विंटल की बढ़ोत्तरी की मांग की।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
अधिशासी निदेशक ए.पी. बाजपेई को ज्ञापन सौंपते हुए डॉ. उपाध्याय ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन वर्तमान सरकार की अनदेखी, प्राकृतिक आपदाओं, खाद की कमी और बढ़ती महंगाई ने उन्हें संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि वह किसानों की वास्तविक लागत और महंगाई को देखते हुए गन्ने का मूल्य तत्काल बढ़ाए, साथ ही 10 नवंबर तक किच्छा चीनी मिल में पेराई सत्र शुरू किया जाए।
डॉ. उपाध्याय ने चेतावनी दी कि यदि सरकार किसानों की समस्याओं पर जल्द निर्णय नहीं लेती, तो कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ेगी।
वहीं मौके पर मौजूद किसानों ने महंगाई, बढ़ती लागत और भुगतान में देरी को लेकर सरकार की कृषि नीतियों पर कड़ा रोष व्यक्त किया। किसानों ने कहा कि मौजूदा हालात में गन्ने का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ाना बेहद जरूरी हो गया है, ताकि उन्हें उनके परिश्रम का उचित मूल्य मिल सके।
इस दौरान डॉ. गणेश उपाध्याय के साथ संतोष सिंह, मोहम्मद ताहिर, सईदुल रहमान, एन.यू. खान, दिलेर सिंह, अनीस अहमद, कुंदन सिंह मेहता, प्रभु दत्त, आर.पी. पंत, विनोद जोशी, गणेश जोशी, महिपाल बोरा, मनीष पांडे और वीरेंद्र बोरा सहित दर्जनों किसान मौजूद रहे।


