

बीते 24 घंटों में राज्य के अधिकांश जिलों में सामान्य से कई गुना अधिक वर्षा दर्ज की गई है। चंपावत में सबसे ज्यादा 1089 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकार्ड की गई, जो इस सीजन की अब तक की सबसे बड़ी छलांग है।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
उधमसिंह नगर में मानसून की स्थिति: भारी वर्षा, नदियाँ सामान्य, एक-दो स्थानों पर सड़क बाधित
रूद्रपुर, 2 सितम्बर।
उधमसिंह नगर ज़िले में मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों के दौरान कई क्षेत्रों में अच्छी खासी वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश सितारगंज में 102 मिमी और खटीमा में 93 मिमी दर्ज की गई। वहीं किच्छा में 76 मिमी, बाजपुर में 50 मिमी, काशीपुर में 48 मिमी, जसपुर में 46 मिमी, गदरपुर में 42 मिमी और रुद्रपुर में 34 मिमी वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार पूरे ज़िले में बादल छाए हुए हैं। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
नदियों की स्थिति
ज़िले की प्रमुख नदियों का जलस्तर सामान्य है। केवल परवीन नदी का जलस्तर 3640 क्यूसेक पहुँचने पर चेतावनी स्तर पर दर्ज किया गया है। शेष नदियाँ जैसे सुुखी/बेगुल, कैलाश, जगबूधा, देवाहा, कमान, ढेला, फीका, गौल़ा और कल्याणी सामान्य स्थिति में बह रही हैं।
बांध एवं जलाशय
बेगुल, नानकसागर, शारदा सागर, बौर, हरिपुरा, टुमरिया और धौरा जलाशयों का जलस्तर फिलहाल सामान्य श्रेणी में है। हालांकि धौरा जलाशय से 2000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
सड़क और सेवाएँ
जिले की अधिकांश सड़कें सुचारु हैं, लेकिन खटीमा क्षेत्र में राज्य मार्ग 70 तथा रूद्रपुर ग्रामीण मार्ग पर आवागमन आंशिक रूप से बाधित हुआ है। बिजली, पानी और संचार सेवाएँ सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं।
जिले में पिछले 24 घंटे की भारी वर्षा के बावजूद प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है। जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (DEOC) लगातार नदियों और जलाशयों की निगरानी कर रहा है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
चंपावत के बनबसा में एक ही दिन में 256 मिमी रिकार्ड बारिश हुई। अन्य जिलों में भी कई गुना वर्षा हो रही है। इससे जनजीवन प्रभावित हो गया। बीते पांच दिन से प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में रुक-रुककर लगातार हो रही भारी वर्षा का क्रम जारी है।
अगस्त में करीब डेढ़ गुना अधिक वर्षा के बाद अब सितंबर की शुरुआत भी भारी वर्षा के साथ हुई है। ऊधम सिंह नगर और टिहरी गढ़वाल भी भारी वर्षा की मार झेल रहे हैं, जहां क्रमशः 971 और 742 प्रतिशत तक अधिक वर्षा दर्ज की गई। देहरादून, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा और बागेश्वर में भी सामान्य से कई गुना मेघ बरसे हैं।
24 घंटे के भीतर दर्ज की गई औसत वर्षा
जिला, वास्तविक वर्षा, सामान्य वर्षा, अंतरचंपावत, 109.4, 9.2, 1089ऊधम सिंह नगर, 53.5, 5.5, 971टिहरी गढ़वाल, 45.5, 5.4, 742उत्तरकाशी, 45.5, 6.6, 590देहरादून, 73.6, 11.8, 523अल्मोड़ा, 38.6, 6.4, 503बागेश्वर, 31.6, 6.4, 394नैनीताल, 32.4, 16.3, 99चमोली, 10.2, 5.6, 82पिथौरागढ़, 20.4, 12.1, 69पौड़ी गढ़वाल, 14.3, 12.7, 13हरिद्वार, 11.0, 9.8, 12रुद्रप्रयाग, 14.1, 14.5, -3प्रदेश में औसत, 33.4, 9.3, 260(वर्षा मिलीमीटर और अंतर प्रतिशत में है।
कई क्षेत्रों में वर्षा बनी आफत
बीते 24 घंटे में बनबसा में 256.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि खटीमा में 181.0 मिमी, चकराता में 127.0 मिमी और पुरोला में 120.0 मिमी वर्षा हुई। इसके अलावा कीर्तिनगर और जानकीचट्टी में 95.0-95.0 मिमी, हरिपुर में 93.2 मिमी, मसूरी में 78.4 मिमी, चंपावत में 78.0 मिमी, मुक्तेश्वर में 75.6 मिमी, जौलीग्रांट में 72.4 मिमी, रामनगर में 72.0 मिमी, मालदेवता में 66 मिमी वर्षा हुई।
आज भी प्रदेश के 11 जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी के आदेश जारी किए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने प्रदेश के देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, उधम सिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश होने के साथ कुछ स्थानों में भारी से भारी बारिश व गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई है।
उत्तरकाशी जिले के कुछ स्थानों में भारी से बहुत भारी बारिश गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई है। ऐसे में इन जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल, उधमसिंह नगर, रुद्रप्रयाग, पौड़ी गढ़वाल, उत्तरकाशी और चमोली जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 12 तक सरकारी, गैर सरकारी, निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को 2 सितंबर मंगलवार को बंद रखने के आदेश दिए हैं।
उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग जिलों में सड़कें जगह- जगह अवरुद्ध हैं। चमोली जिले में सोमवार को देर शाम बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों के साथ ही हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, नंदा घुंघटी, रुद्रनाथ की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई, जिससे मौसम में ठंडक आ गई है।
प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश से नदिया उफान पर पहुंच गई हैं। उत्तरकाशी में स्यानचट्टी पुल पर यमुना नदी का पानी आ गया है। ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से पुल को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। सोमवार को भी पहाड़ से लेकर मैदान तक कई दौर की बारिश देखने को मिली। वहीं, देहरादून और हरिद्वार को छोड़कर गढ़वाल और कुमाऊं के अन्य सभी जिलों में आज स्कूल बंद रखे गए हैं




