रुद्रपुर। वर्षों से बरसात के दौरान जलभराव और जलनिकासी की समस्या से जूझ रहे रुद्रपुर शहर के लिए बड़ी राहत की खबर है। शहर की व्यापक ड्रेनेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 786.73 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना को मंजूरी मिल गई है। इस फैसले के बाद शहर में स्थायी जलनिकासी व्यवस्था विकसित होने का रास्ता साफ हो गया है।
महापौर विकास शर्मा ने इसे रुद्रपुर के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि लंबे समय से शहरवासियों की सबसे बड़ी समस्या जलभराव रही है। इस योजना को मंजूरी दिलाने के लिए लगातार शासन और सरकार के समक्ष प्रभावी पैरवी की गई, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आया है।
महापौर ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में रुद्रपुर के विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि योजना के क्रियान्वयन के बाद बरसात के दौरान शहर में जलभराव की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस योजना के तहत शहर में आधुनिक ड्रेनेज नेटवर्क विकसित किया जाएगा, जिससे वर्षा का पानी तेजी से निकासी तंत्र के माध्यम से बाहर निकल सकेगा। इससे सड़कों पर पानी भरने, आवागमन बाधित होने और लोगों को होने वाली परेशानियों में कमी आने की उम्मीद है।
शहरवासियों ने भी इस स्वीकृति का स्वागत करते हुए इसे रुद्रपुर के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण निर्णय बताया है। लोगों का कहना है कि यदि योजना समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतरती है तो बरसों पुरानी जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।
अब नहीं डूबेगा रुद्रपुर! 786.73 करोड़ रुपये की ड्रेनेज योजना को मिली मंजूरी, जलभराव से मिलेगी बड़ी राहत
