

किच्छा, 16 अप्रैल – सिरौली कला को नगर पालिका का दर्जा मिलने के बाद क्षेत्र में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई है। इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया और कांग्रेस पर राजनीतिक द्वेष के चलते सिरौली का विकास रोकने के आरोप लगाए।

किच्छा स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक शुक्ला ने कहा कि, “सिरौली कला को नगर पालिका घोषित करना सरकार का दूरदर्शी और जनहितैषी कदम है। यह क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे भाजपा सरकार ने धरातल पर उतार कर जनभावनाओं का सम्मान किया है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके कार्यकाल के दौरान लालपुर, नगला और सिरौली को नगर निकाय घोषित करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन कांग्रेस समर्थित लोगों ने सिरौली को न्यायालयीय पेच में उलझा दिया।
शुक्ला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस से जुड़े कुछ नेताओं ने सिरौली को जबरन किच्छा नगर पालिका में मिलाने का प्रयास किया और कोर्ट को गुमराह किया। उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार चाहती तो सिरौली को फिर से ग्राम पंचायत बना सकती थी, लेकिन पार्टी की नीति ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के तहत इसे सीधे नगर पालिका का दर्जा दिया गया है।”
पूर्व विधायक ने इस निर्णय को कांग्रेस की ‘तुष्टिकरण राजनीति’ पर करारा प्रहार बताया और कहा कि यह उन नेताओं की नैतिक हार है, जिन्होंने सिरौली की जनता को वोट बैंक समझकर छलने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि अब नगर पालिका बनने से सिरौली को निश्चित बजट प्राप्त होगा और यहां आधारभूत संरचनाओं का सुदृढ़ीकरण, सफाई व्यवस्था, सड़कें, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट्स, सामुदायिक भवन जैसे विकास कार्य तेज़ी से होंगे। साथ ही इससे युवाओं के लिए रोज़गार के अवसर भी सृजित होंगे।
पूर्व विधायक शुक्ला ने जनता से अपील की कि वे आगामी निकाय चुनाव में योग्य, ईमानदार और विकासोन्मुख जनप्रतिनिधियों का चयन करें, जो केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि नगला की तरह सिरौली भी विकास का नया मॉडल बनेगा।
प्रेस वार्ता के अंत में शुक्ला ने कांग्रेस नेताओं को घेरते हुए कहा, “अगर उनमें थोड़ी भी नैतिकता शेष है, तो उन्हें सिरौली की जनता से माफी मांगनी चाहिए और मुख्यमंत्री धामी का धन्यवाद करना चाहिए, जिन्होंने विकास को प्राथमिकता दी।”
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, नगर अध्यक्ष गोल्डी गोराया, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गर्मजोशी से भर दिया।
– अवतार सिंह बिष्ट, विशेष संवाददाता, हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स
(रुद्रपुर/किच्छा ब्यूरो रिपोर्ट)




