रुद्रपुर में जमीनी विवाद को लेकर हुई सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस जघन्य अपराध से आहत होकर सिख संगत हल्द्वानी से रुद्रपुर पहुंची और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। “अपनी धरोहर” संस्था से जुड़े सिख संगत के प्रतिनिधियों ने न केवल मृतकों के परिजनों से मिलकर गहरा शोक प्रकट किया, बल्कि इस निर्मम घटना की तीव्र निंदा भी की।
प्रदेश संयोजक गुरमीत सिंह ने कहा कि यह घटना न केवल एक परिवार के लिए, बल्कि संपूर्ण समाज के लिए एक बड़ा आघात है। सिख संगत पीड़ित परिवार के साथ पूरी तरह खड़ी है और उनके दुख-दर्द में सहभागी बनकर न्याय की मांग कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस दौरान पीड़ित परिवार की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को संबोधित एक ज्ञापन सिख संगत के गुरमीत सिंह और कमल जिंदल को सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि इस हत्याकांड की निष्पक्ष जांच किसी ईमानदार और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से करवाई जाए और आरोपियों को कठोर से कठोर सजा दी जाए।
ज्ञापन में यह भी अपील की गई है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए, जिससे आम जनमानस का पुलिस-प्रशासन पर भरोसा कायम रह सके और रुद्रपुर जैसे शांतिप्रिय शहर की छवि को फिर से बहाल किया जा सके।
