
खटीमा, 30 जून, 2025 () जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सोमवार को खटीमा क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा करते हुए बाढ़ चौकियों, ऐंठा नाला, नगला तराई में निर्माणाधीन शारदा नहर के तटबंधों तथा मेलाघाट स्थित जगुड़ा नहर का स्थलीय निरीक्षण किया।

संवाददाता,शैल ग्लोबल टाइम्स/ हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स /उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी, अवतार सिंह बिष्ट
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी बाढ़ चौकियों के बाहर दूरभाष नंबर सहित होर्डिंग लगाए जाएं और चौकियों पर 24 घंटे कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नदी-नालों के जलस्तर पर पैनी नजर रखें और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल तहसील तथा जिला कंट्रोल रूम को दें।
जिलाधिकारी ने सभी बाढ़ चौकियों के लिए आवश्यक फर्नीचर, सामग्री और सुदृढ़ीकरण हेतु दो-दो लाख रुपये की धनराशि शीघ्र जारी करने के निर्देश आपदा प्रबंधन अधिकारियों को दिए। साथ ही उपजिलाधिकारी को समय-समय पर बाढ़ चौकियों का निरीक्षण करने के लिए कहा।
इसके बाद जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता सिंचाई सितारगंज, सहायक अभियंता सिंचाई उत्तर प्रदेश और अन्य अधिकारियों के साथ नगला तराई क्षेत्र में शारदा नहर के उन तटबंधों का निरीक्षण किया, जो पिछले वर्ष अतिवृष्टि के चलते टूट गए थे। उन्होंने सहायक अभियंता सिंचाई, उत्तर प्रदेश को तटबंध निर्माण कार्य त्वरित गति से पूरा करने के निर्देश दिए और किसी भी समस्या के समाधान के लिए उपजिलाधिकारी खटीमा से समन्वय बनाए रखने को कहा।
जिलाधिकारी ने मेलाघाट क्षेत्र में जगुड़ा नहर के तटबंधों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता सिंचाई ने बताया कि जगुड़ा नहर में बंधा निर्माण और तटबंध सुदृढ़ीकरण के लिए 4.80 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को उच्चाधिकारियों से वार्ता कर शीघ्र धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र (रामू भैया), उपजिलाधिकारी तुषार सैनी, अधिशासी अभियंता सिंचाई आनंद सिंह नेगी, लोक निर्माण विभाग के एस.के. अग्रवाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


