मुख्यमंत्री धामी ने किया उत्तराखंड के पहले साथी केंद्र का शुभारंभ, खटीमा गोलीकांड के शहीदों को किया नमन

Spread the love


✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी

खटीमा, 01 सितम्बर 2025। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रदेश के पहले “साथी केंद्र” का शुभारंभ किया। यह केंद्र उच्च शिक्षा विभाग उत्तराखंड और आईआईटी कानपुर के संयुक्त प्रयास से स्थापित किया गया है।

मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर कहा कि “खटीमा गोलीकांड” की 31वीं बरसी पर इस केंद्र का उद्घाटन करना उनके लिए अत्यंत भावुक क्षण है। उन्होंने इसे राज्य आंदोलन के सभी शहीदों को समर्पित किया और खटीमा की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का आभार जताया।

सीएम धामी ने कहा कि “साथी प्रोजेक्ट” प्रधानमंत्री की नई शिक्षा नीति-2020 के विज़न को साकार कर रहा है। इसके तहत आईआईटी और आईआईएससी जैसे संस्थानों के प्रोफेसर ऑनलाइन व ऑफलाइन क्लासेज के माध्यम से इंजीनियरिंग, मेडिकल, बैंकिंग, रेलवे और क्लैट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मार्गदर्शन दे रहे हैं। खटीमा में प्रारंभ हुए इस केंद्र में 80 विद्यार्थियों को ऑफलाइन कोचिंग और मेंटरिंग की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि अब तक देशभर में 15 लाख और उत्तराखंड में 29 हजार विद्यार्थी “साथी प्रोजेक्ट” से लाभान्वित हो चुके हैं। केवल पिछले वर्ष ही 500 से अधिक छात्रों ने इस प्लेटफॉर्म से तैयारी कर सफलता हासिल की।

सीएम धामी ने कहा कि अब उत्तराखंड के छात्रों को बड़े शहरों की महंगी कोचिंग पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। साथ ही उन्होंने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में हो रहे सुधारों का उल्लेख करते हुए बताया कि—

  • राज्य में 9 नए महाविद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं।
  • मुख्यमंत्री शोध प्रोत्साहन योजना के तहत शिक्षकों को 18 लाख रुपये तक का अनुदान मिलेगा।
  • प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित अभ्यर्थियों को साक्षात्कार की तैयारी हेतु 50 हजार रुपये की वित्तीय सहायता दी जा रही है।
  • राज्य में देश का सबसे कड़ा नकल विरोधी कानून लागू होने से पेपर लीक की घटनाएँ पूरी तरह समाप्त हुई हैं।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे इस “साथी केंद्र” को अपने सच्चे साथी के रूप में अपनाएँ और उज्ज्वल भविष्य निर्माण में इसका अधिकतम लाभ उठाएँ।

इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत, सांसद अजय भट्ट, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद जोशी, दर्जा राज्य मंत्री अनिल कपूर डब्बू, फरजाना बेगम, नंदन सिंह खड़ायत, जीवन सिंह धामी, सचिव उच्च शिक्षा डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा, डीएफओ हिमांशु बागरी, एडीएम पंकज उपाध्याय, निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. बी.एन. खाली, आईआईटी कानपुर के निदेशक मनिंदर अग्रवाल, प्राचार्य डॉ. पंकज कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण और छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे।



Spread the love