

थारू राजकीय इंटर कॉलेजों में शीघ्र संचालित होंगी आधुनिक लाइब्रेरी, डीएम ने दिए निर्देश

रूद्रपुर, 19 सितम्बर 2025 – जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने खटीमा व सितारगंज स्थित थारू राजकीय इंटर कॉलेजों में लाइब्रेरी संचालन की दिशा में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों की समीक्षा की और लाइब्रेरी संचालन हेतु आवश्यक तैयारी जल्द पूर्ण करने पर बल दिया।
✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
बैठक में उन्होंने उप जिलाधिकारी खटीमा, सितारगंज, जिला प्रोवेशन अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी तथा कृषि मंडी परिषद को निर्देशित किया कि वे दोनों कॉलेज परिसरों का मौके पर निरीक्षण कर लाइब्रेरी निर्माण व संचालन से संबंधित योजना तैयार करें और गुणवत्ता के साथ कार्यों को शीघ्र पूर्ण करें।
उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी के शीघ्र संचालन से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं व युवाओं को शैक्षिक लाभ मिलेगा। जिलाधिकारी ने लाइब्रेरी भवन की मरम्मत, पठन-पाठन सामग्री, पुस्तक व्यवस्था, कुर्सी व बैठने की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने विद्यालय परिसर में जलभराव की समस्या न हो इसके लिए समुचित जल निकासी व शौचालयों की मरम्मत कराने पर भी जोर दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, प्रबंध निदेशक कृषि उत्पादन मंडी हेमंत वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र मिश्रा, जिला प्रोवेशन अधिकारी व्योमा जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं उप जिलाधिकारी खटीमा तुषार सैनी और उप जिलाधिकारी सितारगंज रविन्द्र जुआठा वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों को शीघ्रता से पूरा करने के निर्देश दिए ताकि लाइब्रेरी का संचालन जल्द शुरू हो सके और छात्रों को सुदृढ़ शैक्षिक वातावरण प्राप्त हो सके।




