हिमांशु गाबा फिर संभालेंगे उधमसिंहनगर कांग्रेस की कमान, ममता रानी बनीं रुद्रपुर महानगर अध्यक्ष — संगठन में युवा और अनुभव का संगम? कुल 27 जिलों और नगर इकाइयों के अध्यक्षों की घोषणा।

Spread the love


रुद्रपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने उत्तराखंड में अपने जिला और नगर अध्यक्षों की नई सूची जारी कर दी है। महासचिव सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी इस सूची में कुल 27 जिलों और नगर इकाइयों के अध्यक्षों की घोषणा की गई है।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी

उधमसिंहनगर जिले में एक बार फिर हिमांशु गाबा को जिला कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। गाबा की पुनर्नियुक्ति को संगठन में स्थिरता और अनुभव का प्रतीक माना जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अनुसार, गाबा ने पिछले कार्यकाल में जिले में पार्टी को नई ऊर्जा दी थी और विभिन्न जन आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाई थी।

वहीं रुद्रपुर सिटी (महानगर) की कमान ममता रानी को सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति से संगठन में महिला प्रतिनिधित्व को बल मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि रुद्रपुर जैसे औद्योगिक और राजनीतिक रूप से सक्रिय क्षेत्र में महिला नेतृत्व संगठन को नई दिशा देगा।

सूची में अन्य जिलों में भूपेंद्र सिंह भोज (अल्मोड़ा), अर्जुन चंद्र भट्ट (बागेश्वर), सुरेश डिमरी (चमोली), चिराग सिंह फर्त्याल (चंपावत), गोविंद सिंह बिष्ट (हल्द्वानी सिटी), अलका पाल (काशीपुर) और अमन गर्ग (हरिद्वार शहर) जैसे नाम शामिल हैं।

विश्लेषकों के अनुसार, कांग्रेस ने इस बार राज्य संगठन में “अनुभव और युवा नेतृत्व” का संतुलन साधने की कोशिश की है। प्रदेश में आगामी निकाय और विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए यह नई टीम पार्टी के पुनरुत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।



Spread the love